
बरेली। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की अंग्रेजी परीक्षा को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना नजर आया। नकल की आशंका को देखते हुए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता टीमों ने दिनभर केंद्रों का निरीक्षण कर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। सोमवार को प्रथम पाली में जिले के 130 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल अंग्रेजी का पेपर आयोजित हुआ। परीक्षा में 27,528 छात्र और 22,449 छात्राएं शामिल हुईं। केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रही और प्रवेश द्वार पर तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर भेजा गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे विषयों में नकल की संभावना अधिक रहती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में नकल की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। अब तक किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की शिकायत सामने नहीं आई है। सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर सुचारु रूप से संचालित रहे।
परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद के सैदपुर कनी भोलापुर स्थित समाज कल्याण इंटर कॉलेज और ग्राम्य विकास इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कुछ परीक्षार्थियों की चेकिंग भी की। उन्होंने बच्चों को कक्षाओं में निर्धारित दूरी पर बैठाने के निर्देश दिए और कंट्रोल रूम में जाकर सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग भी देखी। विद्यालय परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश देते हुए ड्यूटी रजिस्टर भी जांचा।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाएं पुलिस सुरक्षा में ही केंद्र से बाहर भेजी जाएं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा के दौरान पूर्ण सजगता, गतिशीलता और पारदर्शिता बनाए रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।nजिले में प्रशासन का साफ संदेश है कि यूपी बोर्ड परीक्षा हर हाल में नकलविहीन और शांतिपूर्ण कराई जाएगी। सख्ती का ऐसा पहरा लगाया गया है कि गड़बड़ी की जरा सी भी गुंजाइश न बचे।
Published on:
23 Feb 2026 02:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
