23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली–मैलानी सीधी ट्रेन पर गरमाई सियासत: क्या अब टूटेगा इंतज़ार… रेलवे ने बढ़ाई हलचल, इस फैसले पर टिकी सबकी नजरें

बरेली से मैलानी तक सीधी ट्रेन न होने से यात्रियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। वर्षों से चली आ रही मांग के बावजूद सीधी कनेक्टिविटी नहीं मिलने पर लोग सोशल मीडिया से लेकर जनप्रतिनिधियों तक आवाज उठा रहे हैं।

2 min read
Google source verification

बरेली। बरेली से मैलानी तक सीधी ट्रेन न होने से यात्रियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। वर्षों से चली आ रही मांग के बावजूद सीधी कनेक्टिविटी नहीं मिलने पर लोग सोशल मीडिया से लेकर जनप्रतिनिधियों तक आवाज उठा रहे हैं। दबाव बढ़ता देख रेलवे भी अब हरकत में आया है और इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

आठ साल का इंतजार, फिर भी अधूरी राहत

करीब दस साल पहले तक बरेली से पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर और लखनऊ तक मीटर गेज ट्रेनें दौड़ती थीं। बरेली से बदायूं, कासगंज, मथुरा और आगरा फोर्ट तक भी सीधी रेल सेवा थी। यात्रियों को लखनऊ से आगरा तक बिना बदले सफर की सुविधा मिलती थी। लेकिन मीटर गेज को ब्रॉड गेज में बदलने के नाम पर आठ साल तक ट्रेनों का पहिया थमा रहा। दो साल पहले ट्रैक तो तैयार हो गया, ट्रेनें भी चलीं, मगर सीधी सुविधा अब तक नहीं मिली। यात्रियों को आज भी बरेली से मैलानी जाने के लिए पीलीभीत में ट्रेन बदलनी पड़ती है।

समय का खेल, घंटों की बर्बादी

सबसे बड़ी समस्या ट्रेनों के समय का है। मैलानी से आने वाली ट्रेन पीलीभीत पहुंचती है तो बरेली की ट्रेन निकल चुकी होती है या फिर लंबे इंतजार के बाद मिलती है। ऐसे में रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा और छात्र सबसे ज्यादा परेशान हैं। तीन महीने पहले यात्रियों की मांग पर गोरखपुर पीलीभीत एक्सप्रेस को इज्जतनगर तक बढ़ाया गया, जिससे कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन सुबह के समय बरेली से मैलानी के लिए अब भी कोई सीधी ट्रेन नहीं है।

विद्युतीकरण पूरा, अब बहाने क्यों

इस रूट का पूरा विद्युतीकरण हो चुका है। फिलहाल डेमू ट्रेनें चल रही हैं, लेकिन रेलवे अब मेमू और ईएमयू ट्रेनें चलाने पर विचार कर रहा है। इन ट्रेनों में दोनों ओर ड्राइविंग केबिन होते हैं, जिससे शंटिंग की जरूरत नहीं पड़ती और समय की बचत होती है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही बरेली–मैलानी के बीच सीधी ट्रेन दौड़ सकती है।

आला हजरत एक्सप्रेस के विस्तार की भी चर्चा तेज

इधर आला हजरत एक्सप्रेस को लखनऊ तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी बोर्ड को भेजा जा चुका है। अगर मंजूरी मिलती है तो लखनऊ से बरेली तक सीधी सुविधा मिलने से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा का कहना है कि यात्रियों की जरूरत के मुताबिक और ट्रेनें चलाने पर विचार किया जा रहा है। अब देखना यह है कि रेलवे बोर्ड कब तक इस बहुप्रतीक्षित मांग पर मुहर लगाता है।