
बरेली। कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी फर्स्ट आशुतोष शिवम भी मौके पर मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कोर्ट के अंदर और बाहर हर सुरक्षा बिंदु का बारीकी से परीक्षण किया गया।
सुरक्षा अभियान के तहत डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, पीएसी और स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था देखी। लगेज चेकिंग प्वाइंट पर तैनात कर्मियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। हवालात, पार्किंग स्थल और प्रवेश द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्ती के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने, आम लोगों और वकीलों के साथ शालीनता से पेश आने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कोर्ट परिसर की सुरक्षा से जुड़े नोडल अधिकारी के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई। इस दौरान परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर सहमति बनी, ताकि निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जा सके और हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि कोर्ट परिसर में आने वाले वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सुरक्षा समीक्षा और औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे, जिससे किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोका जा सके।
संबंधित विषय:
Updated on:
17 Feb 2026 05:07 pm
Published on:
17 Feb 2026 05:06 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
