
बरेली। किला थाना क्षेत्र में जहर देकर विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने पीड़ित भाई की तहरीर पर पति, जेठ और जेठानी को नामजद करते हुए हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। अब जांच के बाद दोषियों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।
प्रेमनगर क्षेत्र के सुर्खा बानखाना निवासी मोहसिन खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन शहनाज का निकाह करीब आठ साल पहले किला थाना क्षेत्र के खन्नू मोहल्ला निवासी माजिद नवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद से शहनाज पर ससुराल में जुल्मों का पहाड़ टूट पड़ा। पति माजिद नवाज, जेठ वारिस खान और उसकी पत्नी शीवा आए दिन गाली-गलौच, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करते थे।
मोहल्ले के लोगों और रिश्तेदारों ने कई बार पंचायत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन ससुराल वालों की हैवानियत नहीं थमी। पीड़िता को कई-कई दिन तक भूखा रखा जाता था और उसे जान से मारने की खुली धमकियां दी जाती थीं। परिजनों का दावा है कि शहनाज ने अपनी पीड़ा मायके वालों को बताई थी और प्रताड़ना से जुड़ी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है, जो ससुराल में किए जा रहे अत्याचारों की गवाही देती है।
परिजनों के अनुसार 14 जनवरी 2026 की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जेठानी शीवा का फोन आया, जिसमें शहनाज की अचानक तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। आनन-फानन में मायके वाले अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने शहनाज को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पक्ष ने साफ आरोप लगाया है कि शहनाज की मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि साजिश के तहत जहर देकर की गई हत्या है। मामले की गंभीरता को देखते हुए किला थाना पुलिस ने पति माजिद नवाज, जेठ वारिस खान और जेठानी शीवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 Jan 2026 01:59 pm
Published on:
21 Jan 2026 01:58 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
