बरेली। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रनिष्ठ विचारधारा के प्रबल प्रवर्तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सोमवार को भाजपा महानगर कार्यालय सिविल लाइंस में संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने डॉ. मुखर्जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण भारत माता के चरणों में अर्पित किया।
“एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” – यह कोई नारा नहीं बल्कि राष्ट्र की एकता के लिए दी गई उनकी तेजस्वी चेतावनी थी।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि 20वीं सदी में जब सत्ता मौन थी, तब डॉ. मुखर्जी ने बलिदान की गूंज से राष्ट्र को एकसूत्र में बांधने का कार्य किया।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि पश्चिमी शिक्षा प्राप्त होने के बावजूद डॉ. मुखर्जी ने भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया। वे मात्र 33 वर्ष की उम्र में कोलकाता विश्वविद्यालय के कुलपति बने – यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि 1950 में नेहरू-लियाकत समझौते से असहमति के चलते उन्होंने केंद्र सरकार के उद्योग मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। यही नहीं, 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी।
"मैं भारतीय हूं, अपने देश में जाने के लिए परमिट क्यों लूं?" कहते हुए 1953 में कश्मीर बिना परमिट प्रवेश कर उन्होंने गिरफ्तारी दी और 23 जून 1953 को जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में बलिदान हुआ।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण किया।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में विधायक संजीव अग्रवाल और मंडल अध्यक्ष कन्हैया राजपूत ने वृक्षारोपण किया।
विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि सभी को अपने-अपने घर के आसपास पेड़ लगाकर पर्यावरण की रक्षा करनी चाहिए।
शहर विधानसभा क्षेत्र के आशुतोष सिटी में भाजपा नेता अनिल कुमार एडवोकेट ने वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में हर नागरिक को भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में अनिल कुमार एडवोकेट, गुलशन आनंद, पं. राम गोपाल मिश्रा, डॉ. सीपीएस चौहान, डॉ. तृप्ति गुप्ता, प्रभु दयाल लोधी, विष्णु शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर), रेखा श्रीवास्तव, चित्रा मिश्रा, अतुल कपूर, राजकिशोर कश्यप, योगेश कुमार, वीरेंद्र अरोड़ा, शिखा मल्होत्रा, जयदीप चौधरी, राजीव कश्यप, अजय मौर्य, विशाल गुप्ता, मोहित अरोड़ा, नरेंद्र मौर्य, रतन माथुर सहित अनेक मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संबंधित विषय:
Updated on:
23 Jun 2025 08:39 pm
Published on:
23 Jun 2025 05:59 pm