21 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली में ट्रैफिक जाम पर बड़ा एक्शन: शहर से बाहर शिफ्ट होंगे बस अड्डे, झुमका तिराहा पर बनेगा मेगा बस टर्मिनल

शहर की सड़कों पर बढ़ती वाहनों की भीड़ और रोज़ाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए परिवहन निगम और प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब रोडवेज बसों का संचालन शहर के भीतर नहीं, बल्कि शहर के बाहर बने अत्याधुनिक बस अड्डों से किया जाएगा।

2 min read
Google source verification

बरेली। शहर की सड़कों पर बढ़ती वाहनों की भीड़ और रोज़ाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए परिवहन निगम और प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब रोडवेज बसों का संचालन शहर के भीतर नहीं, बल्कि शहर के बाहर बने अत्याधुनिक बस अड्डों से किया जाएगा। इस दिशा में कदम तेज हो गए हैं और बरेली को जल्द ही कई नए सैटेलाइट बस अड्डों की सौगात मिलने जा रही है।

घनी आबादी के बीच स्थित पुराना बस अड्डा अब प्रशासन के लिए सिरदर्द बन चुका है। किसी भी बड़े आयोजन पर इसे बंद कराना मजबूरी बन जाता है, वहीं बसों के आवागमन से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। सेटेलाइट बस अड्डा भी अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

झुमका तिराहा बनेगा परिवहन का नया हब

इसी कड़ी में दिल्ली और रामपुर रूट की बसों के लिए झुमका तिराहा पर 20 एकड़ भूमि में अत्याधुनिक बस टर्मिनल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह टर्मिनल न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि शहर के ट्रैफिक दबाव को भी काफी हद तक कम करेगा। वहीं, सेटेलाइट बस अड्डा को पीपीपी मॉडल पर इंटर स्टेट बस टर्मिनल के रूप में विकसित करने के लिए नया ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। बस अड्डे के पीछे स्थित रोडवेज वर्कशॉप की जमीन को भी इस परियोजना में शामिल किया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि मार्च तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

इज्जतनगर और चौबारी पर भी तेजी

इज्जतनगर में निर्माणाधीन नया बस अड्डा आगामी जून तक चालू हो जाएगा। वहीं चौबारी में रोडवेज बस अड्डा और ई-बस अड्डा दोनों को शासन से मंजूरी मिल चुकी है, जिससे दक्षिणी और पश्चिमी रूट की बसों का संचालन आसान हो जाएगा।

अब हर रूट के लिए अलग बस अड्डा

-नैनीताल जाने और वहां से आने वाली बसें इज्जतनगर बस अड्डा से संचालित होंगी।
-दिल्ली और लखनऊ रूट की बसें सेटेलाइट और झुमका तिराहा बस अड्डे से मिलेंगी।
-बदायूं, कासगंज, मथुरा और आगरा जाने वाले यात्रियों को अब पुराना बस अड्डा नहीं जाना पड़ेगा, चौबारी से ही बसें उपलब्ध होंगी।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप शहर के बाहर बस अड्डों के संचालन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। झुमका तिराहा बस अड्डे को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।