
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी और अखिलेश यादव
बरेली।ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों के नाम खुला पत्र जारी कर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को मुसलमानों के लिए बेहद अहम बताते हुए सपा से दूरी बनाने और नया मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने की अपील की है।
मौलाना रजवी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मुस्लिम मुद्दों पर खुलकर न बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा अब सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति कर रही है और मुसलमानों को सिर्फ भाजपा का डर दिखाकर वोट लेने का काम करती है। उन्होंने दावा किया कि सपा नेताओं के भाजपा नेताओं से अच्छे संबंध हैं। इसी क्रम में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने की दुआ देने का भी जिक्र किया।
मौलाना रजवी ने कहा कि अखिलेश यादव की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात और उन्हें शुभकामनाएं देने जैसी घटनाएं मुसलमानों के बीच सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सपा और भाजपा नेताओं की एक साथ दावत में शामिल होने वाली वायरल तस्वीरों का भी हवाला दिया। उन्होंने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि अब सपा के दोहरे चेहरे को पहचानने का समय आ गया है और समाज को उसके झांसे में नहीं आना चाहिए।
मौलाना रजवी ने कहा कि प्रदेश और देश की राजनीति तेजी से बदल चुकी है। उन्होंने मुस्लिम नेताओं की खामोशी पर भी चिंता जताई और कहा कि अब सिर्फ एक पार्टी को वोट देते रहने से कौम के हित सुरक्षित नहीं होंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने की अपील की। साथ ही कहा कि अब कौम के भविष्य और हितों को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसले लेने का वक्त आ गया है।
Published on:
11 May 2026 03:16 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
