25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, दहेज के लिए हत्या का आरोप, पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज

शाही थाना क्षेत्र के गांव मंडवा बंशीपुर में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। शाही थाना क्षेत्र के गांव मंडवा बंशीपुर में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शादी के बाद से ही शुरू हो गई थी दहेज की मांग

शाही थाना क्षेत्र के गांव धनेली की गौटिया निवासी मलखान के मुताबिक, उन्होंने करीब 10 महीने पहले बेटी सुनीता की शादी मंडवा बंशीपुर निवासी राजपाल से की थी। शादी में हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया गया, लेकिन ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सुनीता पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात सुनीता से मायके से एक लाख रुपये और अन्य सामान लाने को कहा गया। जब उसने असमर्थता जताई तो पति राजपाल, सास गंगादेवी, ससुर मंगलसेन और ननद प्रीती ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।

रिश्तेदार से मिली खबर, घर पहुंचा तो बिखर गया परिवार

मलखान का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी ससुराल पक्ष ने नहीं दी। एक रिश्तेदार के जरिए खबर मिली तो वह भागे-भागे बेटी की ससुराल पहुंचे। वहां सुनीता का शव जमीन पर पड़ा था और पति घर से फरार था। यह मंजर देख परिजन बिलख पड़े। गांव में भी घटना को लेकर आक्रोश और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सूचना पर शाही थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।