27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब छात्रों को एआई-रोबोटिक्स और ड्रोन लैब से मिलेगी हाईटेक उड़ान… बरेली के इस कॉलेज में चार आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ

कैंट क्षेत्र स्थित आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को शिक्षा के मैदान में बड़ा धमाका हुआ। नए शैक्षणिक सत्र से पहले ही कॉलेज को हाईटेक पहचान मिल गई। मेजर जनरल आई. एस. गिल ने चार अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन कर छात्रों के भविष्य को नई दिशा दे दी।

2 min read
Google source verification

बरेली। कैंट क्षेत्र स्थित आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को शिक्षा के मैदान में बड़ा धमाका हुआ। नए शैक्षणिक सत्र से पहले ही कॉलेज को हाईटेक पहचान मिल गई। मेजर जनरल आई. एस. गिल ने चार अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन कर छात्रों के भविष्य को नई दिशा दे दी। परिसर तालियों की गूंज और उत्साह से भर उठा।

कार्यक्रम में कैंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन की मौजूदगी में कलाकृति स्टूडियो, नवचेतना लाइब्रेरी, एआई एंड रोबोटिक्स लैब और एआई ड्रोन लैब का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर इन आधुनिक संसाधनों को विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया। पूरा परिसर फूलों से सजा था और छात्र-छात्राओं की आंखों में भविष्य के सपनों की चमक साफ दिख रही थी।

अब सिर्फ किताबें नहीं… तकनीक से होगी तैयारी

अपने संबोधन में मेजर जनरल आई. एस. गिल ने साफ कहा कि भविष्य उन्हीं का है जो तकनीक से दोस्ती करेंगे। उन्होंने कहा कि एआई और रोबोटिक्स जैसे संसाधन बच्चों को सिर्फ पढ़ाएंगे नहीं, बल्कि उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे। ड्रोन तकनीक, ऑटोमेशन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आने वाले समय की सबसे बड़ी ताकत हैं, और अब बरेली के छात्र भी इस दौड़ में पीछे नहीं रहेंगे। सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया किकलाकृति स्टूडियो बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को नया मंच देगा। नवचेतना लाइब्रेरी अध्ययन का आधुनिक और शांत वातावरण उपलब्ध कराएगी। एआई एंड रोबोटिक्स लैब में छात्र रोबोट बनाना और कोडिंग सीखेंगे। एआई ड्रोन लैब के जरिए उन्हें ड्रोन टेक्नोलॉजी और उसके प्रायोगिक उपयोग की जानकारी मिलेगी।

सैन्य अनुशासन और आधुनिक शिक्षा का संगम

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, YSM और छावनी बोर्ड के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल सहित कई अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। आयोजन सादगीपूर्ण होते हुए भी प्रभावशाली रहा। अधिकारियों ने कहा कि सैन्य अनुशासन और आधुनिक शिक्षा का यह संगम छात्रों को आत्मविश्वासी और सक्षम बनाएगा। कैंट क्षेत्र के इस प्रतिष्ठित संस्थान में हाईटेक लैब की शुरुआत से यह साफ हो गया है कि अब बरेली में भी शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहेगी। तकनीक आधारित शिक्षा से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं, स्टार्टअप और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। शिक्षकों और अभिभावकों ने इस पहल को भविष्य की जरूरत बताते हुए सराहा। छात्रों का कहना था कि अब वे भी रोबोट बनाना और ड्रोन उड़ाना सीख सकेंगे।