
वीसी आवास पर हंगामा करते छात्र
बरेली।तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। महज 30 मिनट की बारिश के बाद शहर के 25 बिजली उपकेंद्र ठप हो गए और करीब 12 लाख की आबादी घंटों अंधेरे में डूब गई। रात तक बिजली बहाल नहीं होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हारुन नगला उपकेंद्र पर भीड़ ने घेराव कर हंगामा किया, कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई और मारपीट तक की नौबत आ गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठी पटककर लोगों को खदेड़ना पड़ा।
आंधी-बारिश के दौरान जंफर उड़ने, तार टूटने और पेड़ गिरने से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हारुन नगला उपकेंद्र से जुड़े पवन विहार, फाइव एन्क्लेव, तुलसी नगर, ग्रीन पार्क, जागेश्वर नगर और यूनिवर्सिटी समेत 16 मोहल्लों की बिजली मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे से ठप हो गई। दिनभर इंतजार के बाद भी जब रात तक बिजली नहीं आई तो पवन विहार और फाइव एन्क्लेव के लोग हारुन नगला उपकेंद्र पहुंच गए। लोगों ने कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बीच एक कर्मचारी के साथ मारपीट की भी सूचना सामने आई। हालात बिगड़ते देख कर्मचारी उपकेंद्र छोड़कर चले गए।
सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। पुलिस ने एक घंटे में बिजली बहाल कराने का आश्वासन दिया, लेकिन गुस्साए लोग शांत नहीं हुए। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। लाठी पटकने के बाद भीड़ वहां से हट सकी। इंस्पेक्टर बारादरी बृजेंदर सिंह ने बताया कि उपकेंद्र और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के वीसी आवास पर हंगामे की सूचना पर फोर्स भेजी गई थी। लोगों को समझाकर शांत कराया गया है। उधर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय में भी बिजली संकट को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा भड़क गया। सुबह से बिजली न आने के कारण पढ़ाई और परीक्षा तैयारी प्रभावित होने पर छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर दिया। देर रात तक छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों को समझाने में जुटा रहा।
आंधी-पानी से शहर के 27 में से 25 उपकेंद्र ब्रेकडाउन में चले गए। कहीं तारों पर पेड़ गिर गए तो कहीं जंफर उड़ गए। बिजली निगम के मुताबिक शहर में 50 और ग्रामीण इलाकों में 200 बिजली पोल टूटे हैं। इसके अलावा 24 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। निगम को करीब 20 लाख रुपये से ज्यादा नुकसान का अनुमान है। हरुनगला, पवन विहार, कोहाड़ापीर, राजेंद्र नगर और महानगर उपकेंद्र रात 10 बजे के बाद तक भी चालू नहीं हो सके। कई इलाकों में लोग मोबाइल चार्ज तक नहीं कर पाए और इनवर्टर-बैटरी जवाब दे गए। सदर कैंट, कुतुबखाना, सन सिटी, जगतपुर, डेलापीर, डीडीपुरम, हरुनगला और राजेंद्र नगर समेत कई इलाकों में बिजली लाइनों पर पेड़ गिर गए। कई जगह जंफर उड़ने से सप्लाई ठप रही। विद्युत वितरण खंड प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि फॉल्ट ठीक कराने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और प्रभावित इलाकों में तेजी से आपूर्ति बहाल की जा रही है।
Updated on:
13 May 2026 02:53 pm
Published on:
13 May 2026 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
