14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रियंका चोपड़ा की तरह Miss World बनने का ख़्वाब, बरेली में फिर सजने जा रही ‘May Queen Ball’ की ग्लैमरस महफिल

कभी बरेली क्लब के मंच से अपने सपनों की उड़ान भरने वाली अभिनेत्री Priyanka Chopra आज ग्लोबल आइकन बन चुकी हैं। अब एक बार फिर बरेली में उसी चमक, उसी ग्लैमर और उसी सपने की तलाश शुरू हो गई है।

2 min read
Google source verification
Officials addressing press conference on May Queen Ball 2026 in Bareilly.

प्रेस वार्ता में “मे क्वीन बॉल 2026” की जानकारी देते पदाधिकारी।

बरेली। कभी बरेली क्लब के मंच से अपने सपनों की उड़ान भरने वाली अभिनेत्री Priyanka Chopra आज ग्लोबल आइकन बन चुकी हैं। अब एक बार फिर बरेली में उसी चमक, उसी ग्लैमर और उसी सपने की तलाश शुरू हो गई है। शहर का चर्चित और प्रतिष्ठित “मे क्वीन बॉल 2026” इस बार फिर नई सुंदरियों और प्रतिभाशाली युवतियों को मंच देने के लिए तैयार है।
करीब तीन दशक पुराने इस सिग्नेचर इवेंट का आयोजन 23 मई 2026 को रात 8:30 बजे से Bareilly Club Limited के फ्रंट लॉन में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शहर के युवाओं, क्लब सदस्यों और फैशन जगत से जुड़े लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

बरेली से फिर निकलेगी नई ग्लैमर क्वीन

मे क्वीन बॉल सिर्फ एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट नहीं माना जाता, बल्कि यह शहर की सबसे प्रतिष्ठित प्रतिभा प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। आयोजकों का दावा है कि यह मंच युवतियों को आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और ग्लैमर की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर देता है। इस बार प्रतियोगिता में 16 से 25 वर्ष तक की अविवाहित युवतियां हिस्सा ले सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और शहर में इसे लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

होटल से क्लब तक मिल रहे फॉर्म, 18 मई आखिरी तारीख

इच्छुक प्रतिभागी Ramada Encore Bareilly, बरेली क्लब लिमिटेड और रामपुर गार्डन स्थित चावला एंड एसोसिएट्स कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। फॉर्म सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। बरेली क्लब के सेक्रेटरी रिटायर्ड कर्नल कमलजीत सिंह और क्लब के डायरेक्टर राजा चावला ने बताया कि आवेदन पत्र प्रतिभागी को स्वयं भरना होगा और उस पर माता-पिता या अभिभावक के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। साथ ही बरेली क्लब के किसी सदस्य की सिफारिश भी जरूरी रखी गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई तय की गई है।

ऑडिशन के बाद मिलेगा प्रोफेशनल ग्रूमिंग सेशन

प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों का पहले ऑडिशन होगा। इसके बाद मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड Aman Garewal के निर्देशन में प्रोफेशनल ग्रूमिंग और ट्रेनिंग सेशन कराए जाएंगे। फिनाले में प्रतिभागियों को चार अलग-अलग राउंड में स्टेज परफॉर्मेंस देनी होगी, जिसके आधार पर विजेता और रनर-अप चुने जाएंगे। आयोजन समिति के मुताबिक कार्यक्रम में वरिष्ठ नौकरशाह, सेना अधिकारी, कारोबारी परिवार और शहर के गणमान्य लोग शामिल होंगे।

ग्लैमर, डांस और म्यूजिक से सजेगी पूरी शाम

मे क्वीन बॉल की शाम सिर्फ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगी। कार्यक्रम में डांस ट्रूप, लाइव सिंगिंग और स्टेज परफॉर्मेंस भी होंगी। आयोजकों का कहना है कि इस बार का आयोजन पहले से ज्यादा भव्य और हाई-प्रोफाइल बनाया जा रहा है, ताकि बरेली की नई प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिल सके।