
मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधि
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप बरेली को नाथ नगरी के रूप में देशभर में नई पहचान दिलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। प्रेमनगर स्थित त्रिवटी नाथ मंदिर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने नाथ कॉरिडोर परियोजना को बरेली के सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यटन विकास का बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और धार्मिक धरोहरों के संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दे रही है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि बरेली में करीब 98 से 100 करोड़ रुपये की विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक विकास परियोजनाओं पर कार्य कराया जा रहा है। नाथ कॉरिडोर के माध्यम से शहर के सात प्रमुख नाथ मंदिरों को आपस में जोड़कर एक भव्य धार्मिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलेगी। मंत्री ने त्रिवटीनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक कर प्रदेश एवं जनकल्याण की कामना भी की। इस दौरान 24.30 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जिस तरह अयोध्या, काशी और मथुरा का कायाकल्प हुआ है, उसी तर्ज पर अब बरेली को भी विकसित किया जा रहा है। नाथ कॉरिडोर पूरा होने के बाद बरेली धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा। वन मंत्री डॉ अरुण कुमार ने कहा कि अयोध्या, काशी और प्रयागराज के बाद सबसे अधिक धार्मिक पर्यटन विकास कार्य बरेली में हुए हैं। सरकार मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री त्रिवटीनाथ संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा वैदिक स्वस्तिवाचन और मंत्रोच्चार के साथ हुई। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। इस मौके पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. एमएल मौर्य, डॉ. एमपी आर्या, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नाथ कॉरिडोर और पर्यटन विकास योजना के तहत तपेश्वर नाथ मंदिर, अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, वनखंडी नाथ मंदिर, पशुपति नाथ मंदिर, तुलसी मठ, बड़ा बाग हनुमान मंदिर, नानकपुरी गुरुद्वारा, अहिच्छत्र जैन मंदिर समेत कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य बरेली को आध्यात्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
Updated on:
14 May 2026 04:49 pm
Published on:
14 May 2026 04:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
