
टीनशेड के साथ उड़ा युवक लाल घेरे में
बरेली। भीषण आंधी ने ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर दिया, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप गई। भमोरा थाना क्षेत्र में तेज हवा के बीच एक बारातघर का टिनशेड अचानक आसमान में उड़ गया। टिनशेड को पकड़े खड़ा युवक भी उसके साथ हवा में लटक गया और देखते ही देखते करीब 50 फीट ऊपर पहुंच गया। कुछ सेकंड तक वह हवा में झूलता रहा, फिर दूर खेत में जा गिरा। इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना भमोरा क्षेत्र के गांव बबियाना की है। यहां करीब 50 वर्षीय नन्हें अंसारी गांव में बने एक बारातघर में खड़े थे। बुधवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज तूफानी हवाएं चलने लगीं। बारातघर का टिनशेड हिलने लगा तो नन्हें उसे संभालने के लिए उसमें बंधी रस्सी पकड़कर खड़े हो गए। लेकिन अगले ही पल तेज हवा ने पूरा टिनशेड उखाड़ दिया और नन्हें भी उसके साथ हवा में उड़ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक नन्हें कुछ सेकंड तक हवा में लटके रहे। आसपास मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही वह करीब 80 फीट दूर खेत में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने पूरा मंजर मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज हवा टिनशेड को उड़ाकर ले जाती है और उसके साथ एक व्यक्ति भी हवा में लटका नजर आता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे “मौत का तूफान” बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग लगातार इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं। हादसे में नन्हें अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर पर भी चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। नन्हें ने बताया कि उन्हें अंदाजा ही नहीं था कि आंधी इतनी भयानक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अचानक टिनशेड ऊपर उठने लगा और वह खुद भी हवा में चले गए। रस्सी छूटने के बाद वह खेत में जा गिरे।
भमोरा थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक 13 मई को आई तेज आंधी के दौरान बारातघर का टिनशेड उड़ गया था। नन्हें अंसारी रस्सी पकड़े हुए थे, जिससे वह भी हवा में उठकर दूर खेत में जा गिरे। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। बरेली में बुधवार को करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने भारी तबाही मचाई। जिलेभर में पेड़, बिजली के खंभे और टिनशेड उड़ गए। कई इलाकों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Updated on:
14 May 2026 02:25 pm
Published on:
14 May 2026 02:23 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
