15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुपरफास्ट ट्रेनों पर रेलवे की ब्रेक… बरेली से गुजरने वाली कई ट्रेनों का दर्जा खत्म, अब अप्रैल से नए नंबरों के साथ दौड़ेंगी, देखें पूरी लिस्ट

भारतीय रेलवे ने कई चर्चित ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा वापस ले लिया है। इनमें वे ट्रेनें भी शामिल हैं जो बरेली होकर गुजरती हैं। रेलवे ने परिचालन व्यवस्था में सुधार और समयबद्ध संचालन के नाम पर इन ट्रेनों को सुपरफास्ट से हटाकर मेल या एक्सप्रेस श्रेणी में बदल दिया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। भारतीय रेलवे ने कई चर्चित ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा वापस ले लिया है। इनमें वे ट्रेनें भी शामिल हैं जो बरेली होकर गुजरती हैं। रेलवे ने परिचालन व्यवस्था में सुधार और समयबद्ध संचालन के नाम पर इन ट्रेनों को सुपरफास्ट से हटाकर मेल या एक्सप्रेस श्रेणी में बदल दिया है। इसके साथ ही ट्रेनों के नंबर भी बदल दिए गए हैं। अप्रैल महीने से अलग-अलग तिथियों पर यह बदलाव लागू हो जाएगा। ऐसे में यात्रियों को टिकट बुकिंग करते समय नए नंबरों का ध्यान रखना होगा।

उपासना, कुंभ और हिमगिरी एक्सप्रेस का बदला दर्जा

रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक हावड़ा-देहरादून के बीच चलने वाली उपासना एक्सप्रेस (12327/28) अब सुपरफास्ट नहीं रहेगी। इसे 14 और 15 अप्रैल से क्रमशः 13035/36 नंबर से मेल ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। इसी तरह कुंभ एक्सप्रेस (12369/70) को 13 और 14 अप्रैल से 13037/38 नंबर से एक्सप्रेस बनाकर चलाया जाएगा। वहीं हिमगिरी एक्सप्रेस (12331/32) का नंबर बदलकर 13041/42 कर दिया गया है, जो 14 और 16 अप्रैल से लागू होगा। ये तीनों ट्रेनें बरेली से होकर गुजरती हैं, इसलिए यहां के यात्रियों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा।

हावड़ा-प्रयागराज और हावड़ा-कालका ट्रेनें भी बदलीं

रेलवे ने अन्य ट्रेनों में भी बड़ा बदलाव किया है। हावड़ा-प्रयागराज रामबाग ट्रेन (12333/34) को 13 और 14 अप्रैल से 13047/48 नंबर से चलाया जाएगा। इसी तरह हावड़ा-कालका एक्सप्रेस (12311/12) का नंबर बदलकर 13051/52 कर दिया गया है, जो 13 और 15 अप्रैल से नए नंबर के साथ दौड़ेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव की सूचना पहले ही जारी कर दी गई है ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

पुरुलिया से आनंद विहार तक नई ट्रेन, बरेली को भी मिलेगा फायदा

रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए पुरुलिया से आनंद विहार के बीच नई ट्रेन चलाने की घोषणा भी की है। यह ट्रेन शनिवार से शुरू होगी और पुरुलिया से चलकर रामगढ़, रांची, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, रोहतास, कैमूर, चंदौली, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। इससे पूर्वी भारत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली तक सफर में नई सुविधा मिल जाएगी।

दक्षिण भारत दर्शन के लिए चलेगी ‘भारत गौरव’ टूरिस्ट ट्रेन

श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) 11 से 22 अप्रैल तक भारत गौरव पर्यटक ट्रेन भी चलाने जा रहा है। यह ट्रेन गोरखपुर से चलेगी और यात्रियों को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी। 11 रात और 12 दिन के इस धार्मिक टूर में कुल 751 बर्थ उपलब्ध होंगी।

इतना होगा पैकेज किराया, कई स्टेशनों से चढ़ सकेंगे यात्री

भारत गौरव ट्रेन में यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के पैकेज तय किए गए हैं। इकोनॉमी श्रेणी का किराया 24,790 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी 42,530 रुपये और कंफर्ट श्रेणी 56,710 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। यात्री गोरखपुर के अलावा मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी और ललितपुर स्टेशन से भी इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग