
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के लीगल स्टडीज संकाय ने डिजिटल दौर की मांग को देखते हुए सत्र 2026-27 के लिए एलएलएम (साइबर लॉ) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। नैक ए डबल प्लस श्रेणी की साख के साथ विश्वविद्यालय का यह दो वर्षीय मास्टर प्रोग्राम चार सेमेस्टर में संचालित होगा, जिसका उद्देश्य तकनीकी और कानूनी ज्ञान से लैस विशेषज्ञ तैयार करना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, पाठ्यक्रम का ढांचा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक्नोलॉजी लॉ और डिजिटल नियमों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। आज के समय में डेटा सुरक्षा और ऑनलाइन निजता वैश्विक चुनौती बन चुकी है। ऐसे में यह कोर्स विद्यार्थियों को डिजिटल पहचान, प्राइवेसी अधिकार और ऑनलाइन व्यक्तित्व की सुरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं से रूबरू कराएगा।
कोर्स के तहत छात्रों को ई-कॉमर्स सेक्टर में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन बिजनेस मॉडल्स की कानूनी बारीकियां भी सिखाई जाएंगी। डिजिटल कॉन्ट्रैक्ट, साइबर अपराध, डेटा प्रोटेक्शन और आईटी कानून जैसे विषयों पर विशेष फोकस रहेगा, ताकि छात्र बदलते डिजिटल इकोसिस्टम के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कोर्स के बाद छात्रों के लिए लॉ फर्म, बड़ी टेक कंपनियों और सरकारी पॉलिसी मेकिंग से जुड़े क्षेत्रों में करियर के व्यापक अवसर खुलेंगे। विश्वविद्यालय ने मूल्यांकन के लिए चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) और क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम लागू किया है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में लचीलापन मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.mjpru.ac.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। किसी भी तकनीकी सहायता के लिए हेल्पडेस्क नंबर 8630204603, 9412876700, 9359368632 जारी किए गए हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी lawdepartmentmjpru@gmail.com पर ईमेल के जरिए भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Updated on:
29 Apr 2026 09:01 pm
Published on:
29 Apr 2026 08:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
