1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रंगोत्सव : एडीजी कार्यालय में तिलक, पटके से पुलिस मीडिया का अभिनंदन, हुई पंखुड़ियों की बरसात

एडीजी जोन कार्यालय में रविवार को परंपराओं का निर्वहन करते हुये भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संवाद, सद्भाव और समन्वय को और मजबूत करना था।

2 min read
Google source verification

बरेली। एडीजी जोन कार्यालय में रविवार को परंपराओं का निर्वहन करते हुये भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संवाद, सद्भाव और समन्वय को और मजबूत करना था।

समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। सभी पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों का अबीर गुलाल का तिलक लगाकर तथा पारंपरिक पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके बाद फूलों की होली खेली गई। गुलाब और गेंदा की पंखुड़ियों से सजा परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। अधिकारियों और पत्रकारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

होली के गीतों पर झूमे पुलिस अफसर

कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा के साथ डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीख, आईपीएस अंशिका वर्मा, आईपीएस सोनाली मिश्रा, एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा, एएसपी पीलीभीत विक्रम दहिया तथा एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष सिंह और एडीजी ऑफिस में तैनात डिप्टी एसपी गोपनीय शोएब ने होली के गीतों पर झूमते नजर आये। एडीएम की गजलों पर उपस्थित पुलिस और पत्रकारों का समूह मंत्रमुग्ध हो गया।

सेल्फी बना आकर्षण का केंद्र

समारोह के दौरान तैयार किया गया सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहा, जहां अधिकारियों और पत्रकारों ने साथ खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाईं। सबसे खास बात ये रही कि आये हुये सभी लोगों को तत्काल सेल्फी प्वाइंट की तस्वीर भेंट की गई। एडीजी के साथ फोटो खिंचवाने वालों की होड़ लगी रही। अपने स्वभाव के अनुरूप बड़ी विनम्रता और सहजता से उन्होंने सभी के साथ होली खेली, फोटो खिंचवाये, व्यक्तिगत सभी से मिले और शुभकामनाएं दीं। होली के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और उल्लासपूर्ण बना दिया। रोहित राकेश, सुल्तान जहां और जहीर एंड पार्टी, जगदीश पाटनी समेत कलाकारों ने अपने गीतों से उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

सौहार्द के साथ बढ़े संबंधों में दृढ़ता और विश्वास

समारोह के समापन अवसर पर एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि रंगोत्सव का ये त्योहार जोन कार्यालय में परंपरागत ढंग से मनाया जाता रहा है। परिपाटी को आगे बढ़ाते हुये कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ऐसे आयोजन आपसी दूरी कम करने और विश्वास बढ़ाने का माध्यम होते हैं। पुलिस और मीडिया दोनों समाज की अहम इकाइयां हैं, ऐसे आयोजनों से सकारात्मक संवाद को मजबूती मिलती है। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। एडीजी कार्यालय की यह पहल केवल एक होली मिलन तक सीमित नहीं रही, बल्कि परंपरा के रूप में भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संदेश दे गई। आयोजन को सफल बनाने में इंस्पेक्टर विलप्व शर्मा, इंस्पेक्टर गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर अशोक कुमार, इंस्पेक्टर नीरज शर्मा सहित जोन कार्यालय के सभी पुलिसकर्मियों ने आयोजक की सक्रिय भूमिका निभाई।