
बरेली। नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। सभी नगर निकायों में समाजवादी पार्टी उम्मीद के मुताबिक़ प्रदर्शन नहीं कर पाई। नगर निगम, नगर पंचायत के साथ ही समाजवादी पार्टी को नगर पालिका में भी बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा। जिले की चार नगर पालिका में समाजवादी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई जबकि बसपा ने नगर पालिका में जोरदार प्रदर्शन करते हुए चार में से दो सीटों पर कब्जा जमाया जबकि भारतीय जनता पार्टी भी दो सीट जीतने में कामयाब रही। समाजवादी पार्टी तो दो जगहों पर नंबर दो पर भी नहीं आ पाई और उसकी जमानत जब्त हो गई।
नवाबगंज में भाजपा जिलाध्यक्ष की हार
नगर पालिका में सबसे हाई प्रोफ़ाइल मुकाबला भाजपा और बसपा के बीच था यहां पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर के छोटे भाई की पत्नी प्रेमलता राठौर भाजपा की तरफ से उम्मीदवार थीं जबकि बसपा ने यहां पर निवर्तमान चेयरमैन शहला ताहिर पर दांव लगाया था। शहला ताहिर ने पिछला चुनाव समाजवादी पार्टी के समर्थन से लड़कर जीत हासिल की थी। लेकिन यादव परिवार में हुई कलह के कारण उनको सपा छोड़नी पड़ी और वो बसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं और उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी को 181 वोट से हराकर एक बार फिर नवाबगंज की सीट पर कब्जा जमा लिया। शहला ताहिर को 9271 वोट मिले जबकि भाजपा की प्रेम लता को 9090 वोट प्राप्त हुए।
नगर पालिका में ये रही स्थिति
जिले की चार नगर पालिका परिषद में भाजपा ने आंवला और फरीदपुर में जीत दर्ज की जबकि बसपा ने बहेड़ी और नवाबगंज सीट पर कब्जा जमाया। फरीदपुर में भाजपा की पूनम गुप्ता को जीत मिली उन्होंने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार रुबीना को हराया। पूनम गुप्ता को 9043 वोट मिले जबकि समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी को 7972 वोट प्राप्त हुए। आंवला नगर पालिका में भाजपा के संजीव सक्सेना ने समाजवादी पार्टी के आबिद अली को हराया। संजीव सक्सेना को 7031 वोट मिले जबकि समाजवादी पार्टी के आबिद अली को 6645 वोट प्राप्त हुए। बहेड़ी सीट पर बहुजन समाजवादी पार्टी की फैजुल को जीत प्राप्त हुई फैजुल ने भाजपा की रश्मि जायसवाल को पराजित किया। फैजुल को 11360 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी को 9759 वोट प्राप्त हुए।
Published on:
02 Dec 2017 09:05 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
