
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अच्छी पहल की है। इज्जतनगर मंडल के पांच स्टेशनों पर सेनेटरी पैड मशीन लगाई गई है। इस मशीन से सेनेटरी पैड प्राप्त करने के लिए पांच रुपये खर्च करने होंगे। मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर दिनेश कुमार सिंह की उपस्थिति में इज्जतनगर स्टेशन के महिला प्रतीक्षालय में लगाई गई ’सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन’ का उद्घाटन किया गया। मशीन का उद्घाटन स्टेशन की महिला कर्मचारी राधा सक्सेना, गेटमैन द्वारा कराया गया। मानवाधिकार संरक्षण संस्था द्वारा इस मशीन को प्रायोजित किया गया है।
यहां पर शुरू हुई सुविधा
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एवं स्वच्छ भारत अभियान के अंर्तगत इज्जतनगर मंडल के पांच स्टेशनों इज्जतनगर, काठगोदाम, काशीपुर, फरुर्खाबाद एवं मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में 'सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें’ स्थापित की गई हैं। सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन में पांच रुपये का सिक्का डालने पर महिला यात्री को पैड प्राप्त होगा। इसके साथ ही सेनेटरी पैड के निस्तारण के लिए एक अन्य मशीन भी लगाई गई है, जो निःशुल्क होने के साथ-साथ इकोफ्रेंडली है।
और जगह भी होगी सुविधा उपलब्ध
पूर्वोत्तर रेलवे में सर्वप्रथम इज्जतनगर मंडल की वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक नीतू के विशेष प्रयासों द्वारा ’सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें’ लगावाना संभव हो पाया है। साथ ही मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी मशीनें लगाये जाने हेतु कार्यवाही की जा रही है। इस अवसर पर स्टेशन व मंडल कार्यालय की महिला कर्मचारी भी उपस्थित थी।
महिला यात्रियों ने किया स्वागत
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मण्डल द्वारा महिला यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गई सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन की महिला यात्रियों ने स्वागत करते हुए तारीफ की है।
Published on:
25 Apr 2018, 2:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.