
आरोपी और स्क्रीनशॉट का फोटो (फोटो सोर्स: पत्रिका)
बरेली। जो रास्ते में आएगा, मौत की नींद सोएगा… सोशल मीडिया पर गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिखकर ऐसी धमकी देने वाले नशेड़ी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने न सिर्फ गैंग का नाम लेकर बरेली में दहशत फैलाने की कोशिश की बल्कि एक बैंक मैनेजर को 11 दिन में गोली मारने की धमकी भी दी।
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग की खबर को बहाना बनाकर संजय नगर निवासी राज कश्यप उर्फ अनुज ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर धमकी भरे पोस्ट डाल दिए। पोस्ट में गोल्डी बरार–लॉरेंस बिश्नोई जिंदाबाद लिखकर वीडियो और ऑडियो अपलोड किए। इतना ही नहीं, पुलिस अधिकारियों को गालियां देते हुए चेतावनी दी कि सिस्टम सुधार लो, वरना बैंक मैनेजर को जान से मार देगा।
पुलिस ने जब उसे दबोचा तो उसका नशा पलभर में गायब हो गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राज कश्यप सूखा नशा करता है। पहले भी अपने पिता और भाई पर हमला कर चुका है। उसके खिलाफ बारादरी थाने में दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी की खबर सुनते ही आरोपी की पत्नी अपने दो बच्चों को लेकर थाने पहुंची और पति को माफ करने की गुहार लगाने लगी।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि दरोगा जितेंद्र कुमार की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को हवालात भेजा गया है। साथ ही बैंक मैनेजर से उसके विवाद की जांच की जा रही है।
संबंधित विषय:
Updated on:
16 Sept 2025 03:17 pm
Published on:
16 Sept 2025 01:42 pm
