17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शाहजहांपुर में तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को रौंदा, महिला समेत तीन की मौत, हाईवे पर मची चीख-पुकार, चार घायल

Bareilly News: कांट-जलालाबाद हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
accident

मृतकों के फाइल फोटो

शाहजहांपुर।कांट-जलालाबाद हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।

जानकारी के मुताबिक रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे जलालाबाद की ओर से आ रहे ऑटो को कांट थाना क्षेत्र के कमलनैनपुर चौराहे के पास पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। ऑटो में महिला और बच्चों समेत सात लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें बैठे यात्री दूर जा गिरे।

मौके पर तीन लोगों ने तोड़ा दम

हादसे में कांट थाना क्षेत्र के गांव बवक्करपुर निवासी 28 वर्षीय रामक्षत्रिय पत्नी सनी कुमार, जलालाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला यूसूफजई निवासी 45 वर्षीय कल्लू और उनकी पत्नी राबिया की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा

हादसे में जलालाबाद के गांव नयागांव निवासी 18 वर्षीय मुस्कान, मृतका रामक्षत्रिय का चार वर्षीय पुत्र कृष्णा, रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिश्रीपुर निवासी अनूप समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर पहले सीएचसी भेजा, जहां से गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

डंपर चालक फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गिट्टी और मौरंग से भरे डंपर को कब्जे में ले लिया है। ऑटो को अल्हागंज थाना क्षेत्र के मऊ खालसा निवासी नवेद चला रहा था। सीओ सिटी पंकज पंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।