17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वेतन निगलता रहा ‘चूचू’, फंदे पर झूल गया वार्ड बॉय… सुसाइड नोट में खुला 30 लाख की सूदखोरी का काला खेल

मौत से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में प्रदीप ने बानखाना निवासी सुधीर कुमार उर्फ ‘चूचू’ को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। बेटी मानसी शर्मा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।

2 min read
Google source verification

बरेली। जिला अस्पताल के वार्ड बॉय प्रदीप कुमार की आत्महत्या ने शहर में सूदखोरी के उस काले जाल को उजागर कर दिया है, जिसमें फंसकर एक और परिवार बर्बाद हो गया। मौत से पहले लिखे गए सुसाइड नोट में प्रदीप ने बानखाना निवासी सुधीर कुमार उर्फ ‘चूचू’ को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। बेटी मानसी शर्मा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।

हर महीने वेतन जाता रहा, खत्म नहीं हुआ कर्ज

शुक्रवार शाम जिला अस्पताल परिसर के बर्न वार्ड में प्रदीप का शव फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद मिले सुसाइड नोट ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। बेटी मानसी ने पुलिस को बताया कि करीब दस साल पहले पिता ने सुधीर उर्फ चूचू से 30 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद से हर महीने उनकी सैलरी का बड़ा हिस्सा सूद के रूप में जाता रहा। परिवार का दावा है कि बैंक स्टेटमेंट में रकम ट्रांसफर होने का पूरा रिकॉर्ड मौजूद है। इतना ही नहीं, प्रदीप मूल रकम से करीब दो लाख रुपये ज्यादा भी चुका चुके थे, लेकिन इसके बावजूद सूदखोर लगातार दबाव और धमकियां देता रहा।

सुसाइड नोट में छलका दर्द, लिखा- “मेरे जैसे पचासों लोग मरते होंगे”

सुसाइड नोट में प्रदीप ने अपनी टूटती जिंदगी का दर्द उकेरा है। उन्होंने लिखा कि पूरी रकम चुकाने के बाद भी सुधीर उनका मानसिक उत्पीड़न करता रहा। घर की आर्थिक हालत बिगड़ती गई, लेकिन उन्होंने पूरी सच्चाई पत्नी और बच्चों को नहीं बताई।पत्नी को यह तक लगने लगा था कि प्रदीप का किसी दूसरी महिला से संबंध है, क्योंकि हर महीने बड़ी रकम कहीं चली जाती थी। नोट में उन्होंने लिखा कि “सुधीर जैसे लोगों की वजह से मेरे जैसे पचासों लोग आत्महत्या करते होंगे… अब आत्महत्या के अलावा कुछ नहीं सूझ रहा।”

बेटी की तहरीर पर मुकदमा, आरोपी की तलाश में दबिश

मानसी शर्मा ने कोतवाल धनंजय पांडेय को सुसाइड नोट सौंपते हुए आरोप लगाया कि सूदखोर की धमकियों से परेशान होकर ही उनके पिता ने जान दी। पुलिस ने आरोपी सुधीर कुमार उर्फ चूचू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शनिवार देर रात पुलिस ने आरोपी के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और सुसाइड नोट समेत बैंक रिकॉर्ड को जांच में शामिल किया गया है।

शहर में फिर उठा सूदखोरी का मुद्दा

घटना के बाद शहर में अवैध सूदखोरी का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। लोगों का कहना है कि ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर जरूरतमंदों को जाल में फंसाने वाले ऐसे लोग कई परिवारों को बर्बाद कर चुके हैं, लेकिन शिकायतें सामने नहीं आ पातीं। अब प्रदीप की मौत ने इस काले कारोबार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग