
एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अफसरों के साथ की बैठक।
बरेली। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शनिवार को नवागत एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। एसएसपी ने इस क्राइम मीटिंग में अफसरों के पेंच कसे और टॉप टेन बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अच्छे के साथ अच्छा करे और बुरे को दंड दे। पुलिस आमजन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के साथ सौम्य व्यवहार करे। उन्होंने पुलिस अफसरों को आगे आने वाले त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
अच्छे की रक्षा, बुरे को दंड के सिद्धांत पर होना चाहिए कार्य
एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले के सभी पुलिस अफसरों की बैठक बुलाई। जिसमें एसपी देहात मानुष पारीक, एसपी देहात उत्तरी मुकेश चन्द मिश्रा, एसपी ट्रैफिक शिवराज समेत सभी सीओ समेत थाना प्रभारी शामिल हुए। एसएसपी ने सभी को संबोधित करते हुए संस्कृति का श्लोक सुनाते हुए कहा कि सद रक्षणाय, खल निग्रहणाय यानी कि अच्छे की रक्षा, बुरे को दंड के सिद्धांत पर कार्य होना चाहिए।
आमजन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के साथ करें सौम्य व्यवहार
बैठक में एसएसपी ने आमजनमानस, जनप्रतिनिधि और मीडिया के साथ अच्छा व्यवहार रखने और अपराधियों को उसी की भाषा में समझाने का भी निर्देश दिया। कोई भी अपराधी अगर पुलिस पर फायर करने का दुस्साहस करता है तो आत्मरक्षार्थ में फौरन जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे अंजाम तक पहुंचाएं। सभी थानों में शिकायत सुनने के लिए जनसुनवाई अधिकारी नियुक्त किए जाएं। जो समस्त फरियादियों की सुनवाई करते हुये उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
जनसुनवाई में अफसरों के पास न पड़ें चक्कर लगाने
शिकायत करने वाले को एफआईआर दर्ज कराने के लिए जनसुनवाई में अफसरों के पास चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिसकर्मियों की समय-समय पर कुशलता पूछ कर जानकारी देने को कहा। सभी थाना प्रभारी रोजाना सुबह साढ़े नौ बजे थाने पर उपस्थित पुलिस बल की गणना करते हुए दैनिक टॉस्क दें।
थाना स्तर पर टॉप-10 अपराधी चिन्हित कर सभी को पहुंचाया जाए सलाखों के पीछे
महिला संबंधी मामलों में प्रभावी अंकुश लगाये जाने, विवेचनाओं का गुणदोष के आधार पर विधिक निस्तारण करने को कहा। थाना स्तर पर टॉप-10 अपराधी चिन्हिंत कर सभी को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। लूट छिनैती का अपराध करने वालों के घर व ठिकानों पर निरंतर दबिश अभियान चलाएं। अगर किसी थाना क्षेत्र के जेल से छूटे हुए अपराधी ने फिर से घटना की तो संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जमीन संबंधी विवादों का निस्तारण राजस्व टीम व पुलिस टीम द्वारा तालमेल स्थापित कर कराया जाए।
Published on:
29 Jun 2024 08:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
