scriptभाजपा प्रदेश अध्यक्ष का विपक्ष पर हमला, बोले-सेना देश की ताकत है, जाति में बांटना षड्यंत्र | State president attacks opposition, says-Army is the strength of the country, dividing on caste lines is a conspiracy | Patrika News
बरेली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का विपक्ष पर हमला, बोले-सेना देश की ताकत है, जाति में बांटना षड्यंत्र

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सोमवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतें भारतीय सेना को जातिगत आधार पर विभाजित करने की साजिश कर रही हैं, जो न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता का विषय है।

बरेलीMay 26, 2025 / 09:51 pm

Avanish Pandey

अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष समारोह में शामिल होने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सोमवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतें भारतीय सेना को जातिगत आधार पर विभाजित करने की साजिश कर रही हैं, जो न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता का विषय है।
वे बरेली में आयोजित अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा यह पहली बार नहीं है जब सेना का अपमान हुआ हो। कांग्रेस का इतिहास इस प्रकार की नीतियों से भरा पड़ा है। उन्होंने विपक्ष पर देश की सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।

सेना का गौरव देश की शक्ति: चौधरी

एक पत्रकार के सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा, “पुलवामा हमले के बाद हमारी सेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। आतंकवादियों को उनकी मांद में घुसकर मारा गया। सेना हमारे 140 करोड़ देशवासियों का प्रतीक है, उसे जातिगत आधार पर बांटना बेहद निंदनीय है।”

11 साल की उपलब्धियों को लेकर चलेगा जनसंपर्क अभियान

भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि केंद्र में भाजपा सरकार अपने कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे कर रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा 1988 के पार्टी अधिवेशन में अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया था और आज मंदिर बनकर तैयार हो गया है।”

अहिल्याबाई होल्कर की प्रदर्शनी का उद्घाटन

आईएमए हॉल में आयोजित समारोह में चौधरी ने अहिल्याबाई होल्कर की जीवन यात्रा पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

महिलाओं की बटालियन बना मिसाल बनीं अहिल्याबाई

प्रदेश अध्यक्ष ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद करते हुए कहा, “वे एक प्रखर प्रशासक थीं। उन्होंने 500 महिलाओं की एक सैन्य टुकड़ी तैयार की थी, जो उस समय महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम था। उनकी 300वीं जयंती पर भाजपा पूरे देश में स्मृति अभियान चला रही है, जो 31 मई तक चलेगा। प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने भी अहिल्याबाई के जीवन मूल्यों की सराहना की और कहा कि उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरक कार्य किए।

Hindi News / Bareilly / भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का विपक्ष पर हमला, बोले-सेना देश की ताकत है, जाति में बांटना षड्यंत्र

ट्रेंडिंग वीडियो