
बरेली/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप सरकार और संगठन मिलकर नई ऊर्जा व नई गति के साथ उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि एक अनुभवी, संघर्षशील और समर्पित कार्यकर्ता को संगठन की कमान मिली है। पंकज जी यूपी की नई राजनीतिक यात्रा के कैप्टन के रूप में सामने आए हैं, यह टिप्पणी करते हुए सीएम ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया।
राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय, आशियाना में आयोजित भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन समारोह में मुख्यमंत्री ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के कार्यकाल की भी सराहना की और कहा कि साढ़े तीन वर्षों में उन्होंने संगठन को हर स्तर पर मजबूती दी।
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यकर्ताओं को सीधा संदेश दिया कि आने वाले 12 दिन निर्णायक हैं। चुनाव का परिणाम विधानसभा और लोकसभा में आता है, लेकिन चुनाव लड़ा जाता है बूथ पर। पीएम मोदी के नारे मेरा बूथ, सबसे मजबूत को दोहराते हुए सीएम ने कहा कि हर बूथ पर 175 से 250 घर होते हैं, जिनकी गहन समीक्षा जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रीय पदाधिकारियों से लेकर शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं तक से आह्वान किया कि मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी का गंभीरता से अवलोकन करें और छूटे हुए, फर्जी, मृतक, डुप्लीकेट, अनुपस्थित व स्थानांतरित मतदाताओं के नामों पर तत्काल कार्रवाई करें।
सीएम योगी ने एक जनपद के दौरे का उदाहरण देते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया कि मतदाता सूची में बांग्लादेशियों तक के नाम जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कहीं मतदाता की उम्र 20, पिता की 30 और बाबा की उम्र 40 साल दर्ज है। कहीं असम के मतदाता संभल में बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हर बूथ से फर्जी नामों पर आपत्ति दर्ज कराइए। उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) में अभी तीन चौथाई मेहनत कर ली गई तो विधानसभा चुनाव में केवल एक चौथाई मेहनत करनी पड़ेगी और परिणामस्वरूप यूपी में तीन चौथाई सीटें भाजपा और गठबंधन के खाते में जाएंगी। हर बूथ की समीक्षा और मेहनत ही जीत दिलाएगी।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत को लेकर दुनिया की सोच बदली है। जो देश पहले कमतर आंका जाता था, आज वही भारत वैश्विक नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है। बिना रुके, बिना झुके भारत आगे बढ़ रहा है, उन्होंने कहा और इसे पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया।
सीएम योगी ने कहा कि साढ़े 8 वर्षों में यूपी में जो ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है, वह पीएम मोदी के मार्गदर्शन, डबल इंजन सरकार की डबल स्पीड और भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि यूपी को बीमारू राज्य की छवि से निकालकर रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बनाया गया। आज यूपी दंगा, माफिया और अपराध से मुक्त होकर पर्यटन और निवेश का हब बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि साढ़े 8 वर्षों में बिना भेदभाव पौने नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। डेढ़ करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ा गया है। 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे हैं और छह लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी चल रही है।
सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश अंधेरे का आदी था। बिजली इसलिए नहीं दी जाती थी क्योंकि अंधेरे में डकैती आसान होती थी। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2017 में तय किया गया बिजली रोस्टर आज भी प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिना बाधा लागू है। यूपी आज एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, रैपिड रेल और वाटरवे के मामले में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में राम मंदिर की कल्पना भी कठिन थी, लेकिन आज दुनिया का सबसे भव्य राम मंदिर वहां खड़ा है। काशी, अयोध्या, मथुरा, विंध्याचल, नैमिषारण्य, श्रावस्ती जैसे तीर्थ स्थलों के पुनरुद्धार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दी है।
सीएम योगी ने बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर लखनऊ में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का उद्घाटन होगा, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पहले एसआईआर का कार्य पूरा करें, फिर अयोध्या में रामलला और राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के दर्शन कर वैचारिक ऊर्जा प्राप्त करें। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित विषय:
Published on:
14 Dec 2025 08:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
