
शाहजहांपुर। होली के रंग में सराबोर शहर में बुधवार को परंपरागत लाट साहब का जुलूस धूमधाम से निकाला गया। रंगों की फुहार और जूते-चप्पलों की बौछार के बीच निकले इस अनोखे जुलूस ने पूरे शहर का माहौल होलियाना कर दिया। सुरक्षा में तैनात पुलिस और पीएसी के जवान भी रंगों से सराबोर नजर आए।
सुबह करीब नौ बजे लाट साहब को भैंसागाड़ी पर सवार कर रवाना किया गया। अर्धसैनिक बल ने भैंसागाड़ी को चारों ओर से घेरे रखा। जुलूस चौक कोतवाली पहुंचा, जहां लाट साहब को सलामी दी गई। जुलूस के मद्देनजर मंडलायुक्त और बरेली रेंज के डीआईजी भी शहर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जुलूस चौक, किला, केरुगंज, छाया कुआं, अंटा चौराहा, खिरनीबाग और सदर बाजार से होता हुआ बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। यहां लाट साहब ने मंदिर में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद जुलूस शहीद पार्क, एसपी कॉलेज, घंटाघर और बंगला सरोदी होते हुए पुनः चौक कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुआ। परंपरा के मुताबिक रास्ते भर कई स्थानों पर लाट साहब का रंग-गुलाल के साथ जूते-चप्पलों से स्वागत किया गया। हुलियारों ने भी जमकर हुड़दंग और नृत्य किया। जगह-जगह फूलों की वर्षा कर उत्साह बढ़ाया गया।
आरसी मिशन क्षेत्र से छोटे लाट साहब का जुलूस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर निकाला गया, जो शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं जलालनगर बजरिया से निकले जुलूस में हुरियारों ने जमकर डांस किया। पुवायां के बड़ा गांव में लाट साहब को गधे पर बैठाकर घुमाया गया। पूरे आयोजन की निगरानी कंट्रोल रूम से डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश द्विवेदी ने की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में परंपरागत जुलूस सकुशल संपन्न हो गया।
संबंधित विषय:
Published on:
04 Mar 2026 01:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
