
बरेली। कोतवाली इलाके में स्थित होटल डिप्लोमेट के कैश काउंटर से चार लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। होटल प्रबंधन ने पहले अपने स्तर से जांच की, लेकिन रुपये नहीं मिलने पर कोतवाली में तहरीर दी गई। अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
होटल के महाप्रबंधक आकिब खान के अनुसार 23 जनवरी को होटल के अकाउंट विभाग के लॉकर में साढ़े चार लाख रुपये रखे गए थे। 25 जनवरी की शाम जब लॉकर खोला गया तो उसमें सिर्फ 50 हजार रुपये ही बचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
रुपये गायब होने के बाद होटल प्रबंधन ने पहले आंतरिक जांच कराई। जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसी रात होटल निदेशक के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। कार्रवाई नहीं होने पर प्रबंधन ने एसपी सिटी को भी पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया। रविवार शाम को पुलिस हरकत में आई। घटनास्थल बिहारीपुर चौकी क्षेत्र में होने के बावजूद मठ चौकी प्रभारी विक्रांत तोमर को जांच सौंपी गई। उन्होंने होटल के सीसीटीवी कैमरे चेक किए और कर्मचारियों से पूछताछ की।
जांच के दौरान सामने आया कि कुछ समय के लिए सीसीटीवी कैमरे बंद थे और उसी दौरान होटल के एक कर्मचारी की संदिग्ध आवाजाही हुई। इसी आधार पर पुलिस का शक उस कर्मचारी पर गया है। उसे चौकी बुलाकर पूछताछ की जा रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अकाउंट विभाग से नकदी गायब हुई है। पूछताछ और जांच के बाद स्थिति साफ होने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
02 Feb 2026 04:25 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
