26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर हुआ बवाल… दो पक्षों में जमकर पथराव, कई घायल, 12 हिरासत में

जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के गांव हिंडौर में गुरुवार को मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। हालात इतने बिगड़े कि मजार की दीवार तक ढह गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।

2 min read
Google source verification

बदायूं। जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के गांव हिंडौर में गुरुवार को मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। हालात इतने बिगड़े कि मजार की दीवार तक ढह गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी असलम पुत्र अख्तर के सहखातेदारों—मंजर, मुझक्किर, अतहर और मुताहिर ने अपनी जमीन दूसरे पक्ष के असलम पुत्र इस्माइल को बेच दी थी। इसी जमीन पर एक पुरानी मजार स्थित है, जो नए खरीदार के घर से सटी हुई है और उसका प्रवेश द्वार भी उसी ओर है। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था।

चादर चढ़ाने को लेकर भड़का विवाद

गुरुवार को मजार पर चादर चढ़ाने की बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई और पथराव में बदल गया। दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया। पथराव और तोड़फोड़ के दौरान मजार की चारदीवारी गिर गई। बताया गया कि यह दीवार कुछ वर्ष पूर्व एक पक्ष द्वारा ही बनवाई गई थी। दीवार गिरने से मौके पर भगदड़ मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, 12 हिरासत में

सूचना मिलते ही सहसवान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 12 लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाह पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है।