1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

टाइगर रिजर्व में बाघ की मौत, धमेला वॉच टॉवर के पास मिला शव, पोस्टमॉर्टम से खुलेगा राज

टाइगर रिजर्व के माला रेंज अंतर्गत महोफ और माला के बीच धमेला वॉच टावर के पास एक वयस्क बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया।

less than 1 minute read
Google source verification

पीलीभीत। टाइगर रिजर्व के माला रेंज अंतर्गत महोफ और माला के बीच धमेला वॉच टावर के पास एक वयस्क बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

वन विभाग की गश्ती टीम को शनिवार देर रात जंगल में बाघ का शव दिखाई दिया। स्थान संवेदनशील होने के कारण क्षेत्र को तुरंत सील कर दिया गया। शुरुआती जांच में बाघ के शरीर पर किसी तरह की गोली, जाल या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है।

डीएफओ समेत अफसर मौके पर

घटना की सूचना पर डीएफओ (मंडल वन अधिकारी) भरत कुमार डीके तत्काल टीम के साथ पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। बरेली से फील्ड डायरेक्टर (एफडी) और एपीसीसीएफ (अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक) ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। रात करीब दो बजे सीसीएफ (मुख्य वन संरक्षक) ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्च स्तरीय जांच के संकेत दिए।

आईवीआरआई में होगा पोस्टमॉर्टम

मौत के सही कारणों की पुष्टि के लिए बाघ का पोस्टमॉर्टम बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में कराया जाएगा। डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बाघ की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। रविवार को प्रोजेक्ट टाइगर के नोडल अधिकारी भी मौके का दौरा करेंगे। पूरे मामले में वन्यजीव संरक्षण के सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और कैमरा ट्रैप फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।