
मोदी की कैशलेश मुहिम से जुड़ी बरेली पुलिस, डीजीपी ने किया शुभारम्भ
बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैशलेश मुहिम में बरेली पुलिस भी शामिल हो गई है। ट्रैफिक पुलिस ने अब समन शुल्क वसूलने के लिए ई चालान की सुविधा शुरू की है। अब आपको चालान के भुगतान के लिए कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही चालानिंग ब्रांच में लंबी लाइन में लगकर इंतजार करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने ऑन द स्पॉट चालान के भुगतान की शुरुआत कर दी है। अब आप क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड की मदद से चालान का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एचडीएफसी बैंक से टाइअप किया है और बैंक ने ट्रैफिक पुलिस को 25 एल पीओएस मशीनें मुहैया कराई हैं। ई चालान की शुरुआत डीजीपी ओपी सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में की।
ऐसे होगा ई-पेमेंट
अगर ट्रैफिक नियम के उल्लंघन पर पुलिस आपको रोकती है, तो पहले चालक के चालान वाले कार्ड को मशीन में स्वैप करके उसका चालान अंकित किया जाएगा। इसके बाद ट्रैफिक चालानिंग ब्रांच से उसका डाटा और किस चीज पर कितने का चालान हुआ वह रजिस्टर्ड हो जाएगा। इसके बाद व्यक्ति अपने क्रेडिट या डेबिट कार्ड को वहीं पर ट्रैफिक पुलिस की स्वैप मशीन में स्वैप करके चालान का भुगतान कर सकेगा। खाते से रुपए कटने पर बैंक से आपके मोबाइल पर मैसेज भी आ जाएगा।
ई पेमेंट से भ्र्ष्टाचार पर लगेगी लगाम
ई चालान सुविधा का शुभारंभ करने के बाद डीजीपी ओपी सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ई-पेमेंट चालान से काफी हद तक करप्शन भी कम होगा। डीजीपी के इस बयान से साफ है कि यातायात पुलिस में अब तक हार्ड केश लेकर चालान काटने की स्थिति में जमकर घपलेबाजी की जाती रही है। डीजीपी ने बताया कि लखनऊ नोएडा के बाद बरेली में इस सुविधा का शुभारंभ हुआ है और इसे प्रदेश के सभी शहरों में लागू किया जाएगा।
Published on:
25 May 2018, 3:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.