
बरेली। होली के रंगों के बीच सीबीगंज क्षेत्र में अचानक बवाल मच गया। रंग खेलते समय दो गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और दोनों पक्षों के 17 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना क्षेत्र के गांव बहज़ुइया जागीर में बुधवार दोपहर ग्रामीण होली खेल रहे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कई लोग घायल हो गए।
एक पक्ष के राजपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे दीपक, सुमित और प्रदीप होली खेलकर घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के ही नूतन, आशु, दीपक, नरेंद्र, मुकेश, विवेक, उमेश, सोनू और रोहित खड़े मिले। आरोप है कि ये लोग नशे में धुत थे और उनके बेटों को देखकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए।
दूसरे पक्ष के नूतन मौर्य ने भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उनका कहना है कि दिनेश, सुमित, बंटू, अनमोल, प्रदीप, सोनू, वीरपाल और विमल समेत कुछ अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर के दरवाजे पर आए और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर उनकी और उनके बेटे दीपक व आशु की जमकर पिटाई कर दी।
सीबीगंज थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल 17 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस भी सतर्कता बरत रही है।
संबंधित विषय:
Published on:
05 Mar 2026 07:11 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
