24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उर्स और परीक्षा ने बदली शहर की चाल, बरेली में इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन, गलती की तो फंसेंगे जाम में

उर्स ताजुश्शरिया और होमगार्ड भर्ती परीक्षा के चलते बरेली की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। 24 से 27 अप्रैल के बीच शहर के कई अहम मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।

2 min read
Google source verification

बरेली। उर्स ताजुश्शरिया और होमगार्ड भर्ती परीक्षा के चलते बरेली की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। 24 से 27 अप्रैल के बीच शहर के कई अहम मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। लाखों जायरीन और हजारों परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सख्त प्लान लागू कर दिया है, जिससे जरा सी चूक लोगों को जाम में फंसा सकती है।

यहां पूरी तरह बैन रहेगा ट्रैफिक, भूलकर भी न जाएं

झुमका तिराहा, मिनी बाईपास और मथुरापुर रोड पर 24 अप्रैल दोपहर 3 बजे से 25 अप्रैल रात 12 बजे तक चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा कुदेशिया अंडरपास से किला, अशोक नगर तिराहा से कोहाड़ापीर, श्यामतगंज से पटेल चौक, चौकी चौराहा से चौपला और कुतुबखाना की ओर जाने वाले रास्तों पर भी ऑटो और ई-रिक्शा पर सख्त रोक रहेगी।

भारी वाहनों के लिए ये हैं डायवर्जन रूट

रामपुर और मुरादाबाद की तरफ से आने वाले भारी वाहन अगर बरेली आना चाहते हैं तो बड़ा बाईपास, विलवा, विलयधाम, इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेंगे। अगर बदायूं जाना है तो बड़ा बाईपास, फरीदपुर, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा से गुजरना होगा। नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी यही रूट तय किया गया है, उन्हें सीधे शहर में एंट्री नहीं मिलेगी।

बदायूं और लखनऊ रूट से आने वालों के लिए खास प्लान

बदायूं और दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़, फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा से शहर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं लखनऊ से आने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहे से ट्रांसपोर्ट नगर तक ही सीमित रहेंगे, आगे बढ़ने के लिए बड़ा बाईपास का ही सहारा लेना होगा। दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, विलवा, डेलापीर, 100 फुटा रोड होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। 24 और 25 अप्रैल को सभी बसों का संचालन सिर्फ सैटेलाइट बस स्टैंड से होगा, पुराना बस अड्डा पूरी तरह बंद रहेगा।

शहर के अंदर जाने का ये है वैकल्पिक रास्ता

अगर बरेली से रामपुर जाना है तो गांधी उद्यान, श्यामतगंज पुल, डेलापीर, इज्जतनगर, विलवा पुल, बड़ा बाईपास का रास्ता अपनाना होगा। वहीं रामपुर, मुरादाबाद या दिल्ली से आने वालों को झुमका तिराहे से सीधे शहर में एंट्री नहीं मिलेगी, उन्हें बड़ा बाईपास होकर ही शहर में प्रवेश करना होगा। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने साफ कहा है कि यह डायवर्जन शहर को जाम से बचाने के लिए जरूरी है, इसलिए परीक्षार्थी समय से पहले घर से निकलें, वरना परेशानी तय है।