बरेली। आला हजरत का 100वां उर्स तीन से पांच नवंबर तक मनाया जाएगा। इस बार 100वां उर्स ए रज़वी होने की वजह से देश विदेश से लाखों की तादात में जायरीन उर्स में शामिल होने बरेली आएँगे। दरगाह आला हजरत की तरफ से उर्स की तैयारियां शुरू कर दी गई है। उर्स का पोस्टर जारी होने के बाद शहर भर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में उर्स में होने वाले लंगर को लेकर एक बैठक ठिरिया निजावत खां में हुई। बैठक दरगाह प्रमुख सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती में हुई और बैठक की अध्यक्षता दरगाह के सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां ने की। यहाँ नूरी लंगर कमेटी के अध्यक्ष गौहर खान ने बताया कि इस बार इसलामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में कमेटी की तरफ से 100 कुंतल अनाज से तैयार खाने का लंगर 2 नवंबर से 5 नवम्बर तक दिन रात चलेगा।