
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार
बरेली। एलपीजी गैस की आपूर्ति में देरी, डिलीवरी में लापरवाही और उपभोक्ताओं से तय कीमत से अधिक वसूली की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाया है। उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिस पर अब लोग सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
अक्सर देखने में आता है कि गैस एजेंसियों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता। कई मामलों में बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को कई-कई दिन तक इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर गैस एजेंसियों द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक पैसे वसूलने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने 9456667774 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर एलपीजी गैस की बुकिंग, डिलीवरी में देरी, आपूर्ति में समस्या या अधिक कीमत वसूलने जैसी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। जिला पूर्ति विभाग के अनुसार यह हेल्पलाइन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किसी भी कार्यदिवस में सक्रिय रहेगी। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का दावा है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह हेल्पलाइन शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी एजेंसी की लापरवाही या ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज न करें। यदि कहीं भी ओवरचार्जिंग, देरी या अन्य समस्या सामने आए तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया जा सके।
संबंधित विषय:
Published on:
12 Mar 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
