
बरेली। बेटी पैदा होने की गलती की सजा एक विवाहिता को बेरहमी से भुगतनी पड़ी। दहेज के भूखे पति और ससुरालवालों ने पहले ताने मारे, फिर मारपीट की और आखिरकार मासूम बच्ची छीनकर महिला को धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
सुभाषनगर की तिलक कॉलोनी निवासी प्रीति की शादी पटेल विहार निवासी विशाल से हुई थी। मायके वालों ने शादी में हैसियत से बढ़कर खर्च किया, लेकिन ससुराल पहुंचते ही दहेज को लेकर ताने शुरू हो गए। आरोप है कि पति विशाल, सास कल्पना, देवर अभिषेक और ननद दुर्गा दस लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने मायके से रुपये लाने से इनकार किया तो उसे आए दिन पीटा जाने लगा। ससुरालवाले तलाक की धमकी देकर डराते रहे। घर में उसका रहना दूभर कर दिया गया।
प्रीति ने जब बेटी को जन्म दिया तो ससुरालवालों का गुस्सा और बढ़ गया। बेटी पैदा होने पर ताने मारते हुए कहा गया कि वंश नहीं बढ़ाया। मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न बढ़ने पर वह जून 2023 में अपनी बच्ची को लेकर मायके चली गई। आरोप है कि ससुरालवालों ने समझौते के बहाने प्रीति को दोबारा बुलाया और इस बार पांच लाख रुपये की नई मांग रख दी। रकम न मिलने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसकी गोद से मासूम बच्ची छीन ली गई। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह थाने जाने की बात कहने लगी तो ससुरालवालों ने बच्ची की हत्या करने की धमकी दी। डरी-सहमी प्रीति ने आखिरकार सुभाषनगर थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के अनुसार, महिला की तहरीर पर पति सहित ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
संबंधित विषय:
Published on:
14 Jan 2026 09:39 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
