
जाट रेजिमेंट सेंटर में पहलवानों की भर्ती रैली
बरेली।सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवा पहलवानों के लिए बड़ी खबर है। बरेली के जाट रेजिमेंट सेंटर स्थित आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी की ओर से देशभर के प्रतिभाशाली कुश्ती खिलाड़ियों के लिए विशेष भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। यह भर्ती रैली चार जून से छह जून तक चलेगी, जिसमें ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल कुश्ती के होनहार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया में वही खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे जिनकी आयु चार जून 2026 को आठ से 14 वर्ष के बीच होगी। विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अभ्यर्थी का जन्म चार जून 2012 से छह जून 2018 के बीच होना चाहिए। सेना की इस स्पोर्ट्स कंपनी में चयन के लिए खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अहम रखा गया है।
भर्ती में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के पास प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक या राष्ट्रीय स्तर पर कोई भी पदक होना अनिवार्य होगा। सेना प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सीधे खेल के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत देशभर से उभरते पहलवानों को मौका दिया जाएगा।भर्ती रैली में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की ओर से आयोजित अंडर-14 और अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा भारतीय कुश्ती संघ की राज्य स्तरीय अंडर-14 और अंडर-15 कुश्ती प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और हैवीवेट वर्ग के पहलवानों को भी विशेष प्राथमिकता मिलेगी।
पूरी भर्ती प्रक्रिया जाट रेजिमेंट सेंटर परिसर में आयोजित होगी। खिलाड़ियों का पंजीकरण चार जून को सुबह छह बजे से शुरू कर दिया जाएगा। भर्ती से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 7889677484, 935907677, 8273826535 और 7814366531 जारी किए हैं। आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी लंबे समय से देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करती रही है। बरेली में होने वाली यह भर्ती रैली युवा पहलवानों के लिए बड़ा मंच साबित हो सकती है, जहां उन्हें सेना की अनुशासित ट्रेनिंग और खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
Published on:
20 May 2026 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
