
घटनास्थल और घायल महिला
बदायूं। बदायूं के इस्लामनगर कस्बे में मंगलवार देर रात कच्छा-बनियान गिरोह ने ऐसा खूनी तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने बाहरी इलाके में बने एक मकान पर धावा बोल दिया और परिवार को बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक मारपीट, लूटपाट और आतंक का खेल खेला। बदमाश सोना-चांदी, नगदी समेत करीब सात लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए। वारदात में दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि डेढ़ साल के मासूम बच्चे तक को नहीं छोड़ा गया।
सनसनीखेज वारदात इस्लामनगर थाना क्षेत्र के बिल्सी-बिसौली रोड स्थित एक मकान में हुई। जानकारी के मुताबिक रात करीब डेढ़ बजे चार कच्छाधारी बदमाश पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने चेहरे ढक रखे थे और उनके हाथों में तमंचे, लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने पूरे परिवार को कब्जे में ले लिया और जान से मारने की धमकी देकर बंधक बना लिया। पीड़ित परिवार के मुताबिक जब गृहस्वामी नजाकत और उनके परिजनों ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाश बेकाबू हो गए। उन्होंने नजाकत, उनकी पत्नी मिस्कीन, पुत्रवधु फिजा, देवरानी शबनम और डेढ़ साल के मासूम हमीद रजा तक को बेरहमी से पीटा। घर में महिलाओं और बच्चे की चीख-पुकार गूंजती रही, लेकिन बदमाशों के डर से आसपास कोई मदद के लिए आगे नहीं आ सका।
बदमाशों ने घर की अलमारियां, बक्से और कमरों को खंगाल डाला। करीब दो घंटे तक घर में तांडव मचाते हुए बदमाश सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान समेटते रहे। जाते समय बदमाश पूरे परिवार को धमकी देकर फरार हो गए। वारदात के बाद परिवार सदमे में है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना में नजाकत, उनकी पत्नी मिस्कीन और शबनम गंभीर रूप से घायल हो गईं। पहले सभी का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक दंपती की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया समेत कई थानों की पुलिस फोर्स और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सुराग कब्जे में लिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Published on:
20 May 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
