19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरैना में वृद्धा को पत्थरों से कुचलकर सोने के जेवर लूट ले गए बदमाश

दर्द से कराहती वृद्धा की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ौसी, पुलिस व परिजन को दी सूचना, महिला अस्पताल में भर्ती

2 min read
Google source verification
old woman and stole her gold jewellery.

मुरैना में वृद्धा को पत्थरों से कुचलकर सोने के जेवर लूट ले गए बदमाश

मुरैना. देवगढ़ थाना क्षेत्र के बम्हनपुरा गांव में रात के समय घर में अकेली सो रही वृद्ध महिला को बदमाश ने पत्थर से सिर व मुंह कुचलकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


जानकारी के अनुसार रामबाई (68) पत्नी फतेह सिंह सिकरवार अपने घर पर अकेली रहती है। उनके दो बेटे हैं, एक फौज और दूसरा बस ऑपरेटर है, इसलिए वह गांव में नहीं रहते। रविवार- सोमवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे रामबाई अपने घरके अंदर आंगन में खटिया पर सो रही थी तभी अज्ञात बदमाश ने रामबाई के सिर व मुंह पर पत्थर मारकर जानलेवा हमला किया और महिला के कान व नाक में पहने सोने के जेवर करीब पौने एक तौला वजनी उतारकर ले गए। महिला का पूरा शरीर खून से सन गया। जब दर्द से वह चीखी तो पड़ौस में रहने वाले लोग दौडकऱ मौके पर पहुंचे और देखा रामबाई सिर से लेकर नीचे तक खून से नहाई हुई थी। उन्होंने तुरंत उनके परिवार के लोग और पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोग तुरंत गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सर्जीकल वार्ड में उसका इलाच चल रहा है, अभी भी महिला बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

नाती बोला: जिस समय हमला किया, उस समय लाइट नहीं थीं

घायल महिला के नाती अरविंद सिकरवार ने बताया कि गांव में जिस समय दादी पर हमला किया, उस समय लाइट नहीं थीं। बदमाश दादी के नाक व कान के सोने के जेवर लूटकर ले गए। दादी के चीखने की आवाज सुनकर गांव वाले टॉर्च लेकर पहुंचे, उन्होंने ही तीन बजे हमको फोन करके घटना से अवगत कराया। अरविंद ने बताया कि दादी को शहर में भी लेकर आए लेकिन उनको गांव ही अच्छा लगता है, इसलिए वह अकेली गांव में रहती हैं।

रात के समय बम्हनपुरा गांव में वृद्ध महिला के सिर पर सीमेंट लगी ईंट से हमला किया है। परिजनों का कहना हैं कि नाक व कान के जेवर बदमाश ले गए हैं, घायल महिला अभी बोलने की स्थिति में नहीं हैं, उनके बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं।

जयपाल सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी, देवगढ़