
प्रयागराज की तरह बहेड़ी में माफियाओं से कब्जा छुड़वाकर बनवाएंगे गरीबों के आवास
पीलीभीत संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बहेड़ी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने भारत माता के जयकारे से अपना संबोधन शुरू किया। मां दुर्गा और काली माता के जयकारे लगवाए। उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद की समस्या का समाधान धारा 370 समाप्त होने के साथ ही हो गया है। आज भारत का कोई भी नागरिक जम्मू-कश्मीर में जाकर जमीन खरीद सकता है। कांग्रेस ने इससे वंचित किया था। उन्होंने कहा कि देश के अंदर नक्सलवाद समस्या का समाधान हुआ है। माफिया गले में तख्ती लटकाकर घूम रहे हैं। सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर सियासी वार किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला मैदान समेत बहेड़ी में जहां भी अवैध कब्जा किए गए हैं। उनसे कब्जा छुड़वाकर वसूली की जाएगी। प्रयागराज की तरह बहेड़ी में भी गरीबों को आवास दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक-एक व्यक्ति जितिन प्रसाद बनाकर घर-घर जाकर कमल खिलाने का काम करेगा। बरसात, तूफान, गर्मी कुछ भी हो लेकिन हम मतदान करेंगे। मतदान के लिए लोगों को तैयार करेंगे।
अयोध्या की तर्ज पर होगा बहेड़ी का सौंदर्यीकरण, बनेगा फ्लाईओवर
मुख्यमंत्री ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि आज हम सब नए भारत के दर्शन कर रहे हैं। नया भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा करना जानता है तो 140 करोड़ लोगों को सुरक्षित करना जानता है। नए भारत में विरासत के साथ विकास को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। विकास भी है तो विरासत और आस्था का सम्मान भी है। उन्हांने कहा अयोध्या की तर्ज पर बहेड़ी बनेगी। रेलवे फ्लाईओवर, बहेड़ी का कायाकल्प कर किया जाएगा। मेगा फूडपार्क बन रहा है। बहेड़ी इतिहास के परिवर्तन की धरती है। भाजपा के पीलीभीत लोकसभा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर बहेड़ी का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने रामलीला की जमीन पर कब्जा कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महलों पर बुलडोजरा चलवाकर उन्हें ध्वस्त करवा दिया है। बहेड़ी में भी माफियाओं के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलेगा।
संतोष गंगवार बोले- जनता के आशीर्वाद से 40 साल नेतागीरी की
बरेली के सांसद संतोष गंगवार काफी मान मनौवल के बाद मंच पर बोलने को तैयार हुए। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि वह जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद सांसद ने कहा कि जनता के प्यार और आशीर्वाद से वह 40 साल से यहां नेतागीरी करते आ रहे हैं। उन्होंने जितिन प्रसाद के लिए जनता से समर्थन की अपील की। इस मौके पर प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सचान, वन मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार, जिला प्रभारी देवेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, गुलशन आनंद, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सुधीर गुप्ता, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी थे।
Published on:
13 Apr 2024 06:36 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
