21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी के इस जिले में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसएसपी अनुराग आर्य ने एक झटके में बदल डाले 114 दरोगा-इंस्पेक्टर

जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा उलटफेर करते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लिया। एक ही आदेश में 114 इंस्पेक्टर और दरोगाओं के तबादले कर दिए गए।

2 min read
Google source verification

बरेली। जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा उलटफेर करते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लिया। एक ही आदेश में 114 इंस्पेक्टर और दरोगाओं के तबादले कर दिए गए। रातों-रात जारी इस सूची से महकमे में हड़कंप मच गया। थानों से लेकर चौकियों तक जिम्मेदारियां बदल दी गईं और सभी को तुरंत नई तैनाती पर पहुंचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

क्राइम ब्रांच से सीधे सीओ, बड़े अफसरों की कुर्सियां बदलीं

इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा क्राइम ब्रांच की रही। यहां तैनात विपिन कुमार को मीरगंज का सीओ बना दिया गया, जबकि राजेश कुमार को हाईवे क्षेत्राधिकारी की कमान सौंपी गई। वरुण कुमार को हाईवे दफ्तर से हटाकर क्योलड़िया थाने में निरीक्षक अपराध बनाया गया। सुरेन्द्र कुमार किला से सुभाषनगर, लव सिरोही बिथरी चैनपुर से नवाबगंज और राजबली सिंह रिजर्व लाइन्स से सीधे भोजीपुरा थाने की कमान संभालेंगे। जसवीर सिंह बालियान को इज्जतनगर से हटाकर नगर-तृतीय सीओ कार्यालय भेजा गया है, जबकि नरेश कश्यप को सम्मन सेल से विशारतगंज थाने में तैनाती मिली है।

दरोगाओं की बड़ी खेप इधर से उधर, हर थाने में नए चेहरे

उपनिरीक्षकों के तबादले में भी बड़ा खेल हुआ है। श्रीनिवास को मीरगंज में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। सतीश कुमार रिजर्व लाइन्स से शाही, वीर सिंह रिजर्व लाइन्स से कोतवाली और धर्मेन्द्र विश्नोई कोतवाली से इज्जतनगर भेजे गए हैं। जितेन्द्र कुमार को रिजर्व लाइन्स से सीबीगंज, नवदीप कुमार को देवरनियां से सुभाषनगर और मुकेश कुमार को सुभाषनगर से महिला थाना भेजा गया है। श्रीपाल सिंह और कृपाल सिंह को सिरौली से हटाकर क्रमशः सुभाषनगर और महिला थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है।

चौकियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, एक साथ बदले दर्जनों प्रभारी

एसएसपी ने चौकी स्तर पर भी बड़ा दांव चला है। जगतपुर, सैटेलाइट, कुतुबखाना, फतेहगंज पश्चिमी, लाल फाटक, देवरनियां, रिठौरा, स्टेशन रोड, आंवला, रामगंगानगर और आवास विकास समेत दर्जनों चौकियों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। इससे साफ संकेत है कि जमीनी पुलिसिंग को पूरी तरह रीसेट करने की तैयारी है।

रिजर्व लाइन्स खाली, फील्ड में उतारे दरोगा

इस तबादले की खास बात यह रही कि रिजर्व पुलिस लाइन्स में बैठे कई दरोगाओं को सीधे फील्ड में उतार दिया गया। तस्दीक खान, दुर्वेश कुमार, संजीव कुमार, जगन्नाथ प्रसाद, सुरेश चंद, हीरालाल, पवन शर्मा, प्रशांत सिंह, शमशाद आलम, अनीश कुमार, विवेक कुमार समेत कई नाम अब थानों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सख्त संदेश: तुरंत जॉइन करो, नहीं तो कार्रवाई तय

एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि सभी पुलिसकर्मी तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें। आदेश की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। कई दरोगाओं को पहली बार चौकी प्रभारी बनाकर जिम्मेदारी दी गई है, जिससे उनकी परीक्षा भी होगी। एक साथ 114 तबादलों को पुलिस महकमे में ‘बड़ा ऑपरेशन’ माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे अपराध पर लगाम कसने और पुलिस की कार्यशैली में बदलाव लाने की कोशिश की गई है। अब देखने वाली बात होगी कि नए चेहरे मैदान में कितना असर दिखाते हैं।