
CM Bhajanlal Pachpadra Refinery Visit
Pachpadra Refinery Inauguration : बालोतरा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को 4 जुलाई को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने रिफाइनरी परिसर और कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सबसे पहले पचपदरा रिफाइनरी पहुंचकर सेंट्रल कंट्रोल यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली और यहां से तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों के सैंपल दिखाकर विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने तकनीकी व्यवस्थाओं और संचालन संबंधी पहलुओं की भी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर भगवान गोविंद देव की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के ले-आउट, मंच व्यवस्था, आमजन के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। रिफाइनरी के गेट संख्या-7 से कार्यक्रम स्थल तक "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" थीम पर प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए पर्याप्त संकेतक लगाने, प्रत्येक आगंतुक का पुलिस सत्यापन होने के बाद ही प्रवेश पास जारी करने, पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पानी, मेडिकल किट, चिकित्सकों की तैनाती तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने अखंड ज्योत के दर्शन किए तथा मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की। इस दौरान उन्होंने जिला कलक्टर को मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान सांसद मदन राठौड़, पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के के विश्नोई, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, पचपदरा विधायक डॉ अरुण चौधरी, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, समेत विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Updated on:
28 Jun 2026 08:55 pm
Published on:
28 Jun 2026 08:55 pm
