
मृतक मांगीलाल (पत्रिका फोटो)
Barmer Murder Over Love Affair: बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ग्रामीण थाना इलाके के भीलों की बस्ती में शुक्रवार की अलसुबह एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह जब ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चौहटन सांवलोर का रहने वाला 35 वर्षीय मांगाराम (पुत्र मुकनाराम) पिछले 6 सालों से दरूड़ा ग्राम पंचायत की रहने वाली मौरू नाम की महिला के संपर्क में था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। महिला शादीशुदा है और वह 6 बच्चों की मां है।
गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात मांगाराम एक टैक्सी लेकर महिला के गांव पहुंचा। उसका इरादा महिला को अपने साथ भगाने का था। वह महिला को टैक्सी में बैठाकर ले जाने ही वाला था कि तभी महिला के ससुराल वालों और गांव के कुछ लोगों की नजर उन पर पड़ गई। बताया जा रहा है कि दरूड़ा ग्राम पंचायत के तहत आने वाले भीलों की बस्ती में ही मृतक युवक मांगाराम की बहन का घर यानी ससुराल है।
युवक को महिला के साथ देखकर ससुराल पक्ष के लोग गुस्से से आगबबूला हो गए। उन्होंने मांगाराम को चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। उन्होंने युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस अफरा-तफरी के बीच टैक्सी चालक और महिला वहां से भागने में सफल रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही बाड़मेर ग्रामीण थाना अधिकारी विक्रम चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL और MOB की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। इन टीमों ने घटनास्थल से जुड़े कई अहम सबूत और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं।
थाना अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम-प्रसंग के चलते की गई हत्या का है। पुलिस अब मृतक के परिजनों की लिखित रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
Updated on:
26 Jun 2026 02:03 pm
Published on:
26 Jun 2026 01:35 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
