
रामस्वरूप बैरवा और विकास बैरवा (फोटो सोशल मीडिया)
Jaipur Crime News: जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में शराब पीने के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दूल्हे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया है। इस घटना के कारण घर में गूंज रही शहनाइयां मातम में बदल गईं और दूल्हे को बारात ले जाने के बजाय हवालात जाना पड़ा, जिससे शादी टालनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार, घटना गोविंदपुरा स्थित शिक्षा सागर कॉलोनी की है। 22 जून की रात आरोपी सागर बैरवा के घर पर उसकी शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान घर के पास स्थित एक दुकान के बाहर कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। शादी वाले परिवार ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे।
इस हिंसक हमले में संजू शर्मा (28) और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए मंगल, गोरूराम मीणा और रोहित कुमावत को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ बुधवार सुबह इलाज के दौरान संजू शर्मा ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता कैलाशचंद शर्मा की शिकायत पर सांगानेर सदर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है। सागर बैरवा (27) मुख्य आरोपी (दूल्हा), अमन बैरवा (21) आरोपी, विकास बैरवा (26) आरोपी और रामस्वरूप बैरवा (48) आरोपी। इसके अलावा पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दूल्हा सागर बैरवा खुद इस जानलेवा मारपीट में शामिल था। सागर की बारात टोंक जाने वाली थी और परिवार में जश्न का माहौल था। लेकिन इस खूनी संघर्ष के बाद दूल्हे की गिरफ्तारी हो गई और शादी के ऐन वक्त पर परिवार को विवाह स्थगित करना पड़ा। पुलिस सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Updated on:
26 Jun 2026 09:17 am
Published on:
26 Jun 2026 09:17 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
