3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शराब गोदामों की 24 घंटे CCTV से निगरानी, हथियारों के साथ तैनात रहेंगे सुरक्षा बल, बड़ा आदेश जारी

Lok Sabha Election 2024 : बाड़मेर में सभी विभाग समन्वय के साथ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करें।

2 min read
Google source verification
Liquor very expensive

Liquor

Lok Sabha Election 2024 : बाड़मेर में सभी विभाग समन्वय के साथ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करें। पुलिस विभाग को उड़न दस्ते एवं निगरानी दल के साथ नियुक्ति वाले पुलिस कार्मिकों का चिन्हीकरण कर प्रशिक्षण प्रदान करने, उड़न दस्ते एवं निगरानी दल के साथ पूरे क्षेत्र की निगरानी रखने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर निशांत जैन ने सोमवार को आयोजित प्रर्वतन एजेन्सियों की बैठक में कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उड़न दस्ता प्रभारी के साथ जाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

50 हजार से अधिक की नकदी होगी जब्त
कलक्टर ने आदर्श आचार संहिता के दौरान अवैध हथियार, मदिरा एवं 50 हजार से अधिक की नकदी व 10 हजार से अधिक की सामग्री, जिसमें ड्रग्स, मदिरा, हथियार एवं गिफ्ट आईटम शामिल है। जो मतदाता को प्रभावित करने के उदेश्य से ले जाई जा रही हो, को तुरन्त जब्त कराने एवं निर्धारित पंचनामा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को एटीएम वैन्स एवं पार्सल वैन पर निगरानी रखने, मतदान के 72 घण्टे पूर्व निगरानी कार्य को अधिक सुदृढ करने एवं सी-विजिल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

चैक पोस्ट स्थापित होगी
कलक्टर ने आयकर विभाग को किसी भवन में बड़ी मात्रा में नकदी व मूल्यवान वस्तुओं की मौजूदगी के संदेह की स्थिति में जिला निर्वाचन अधिकारी अथवा रिटर्निंग अधिकारी को सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यय संवेदनशील पॉकेट्स पर कड़ी निगरानी रखने, अवैध रूप से नकद एवं वस्तुओं के वितरण एवं परिवहन पर निगरानी रखना तथा चैक पोस्ट की स्थापना करने के निर्देश दिए। उन्होंने एफएसटी एवं एसएसएटी दलों द्वारा 10 लाख से अधिक धनराशि जब्त होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने की बात कही।

शराब गोदामों की होगी कड़ी निगरानी
जिला कलक्टर ने केन्द्रीय वस्तु एवं सेवा कर एवं वाणिज्य कर विभाग को अवैध सामानों के परिवहन पर निगरानी व अवैध सामग्री विवरण की सूचना प्राप्त होने पर कार्रवाई करने व अत्यधिक मात्रा में सामग्री के स्टॉक की जांच करने तथा अन्तरराज्यीय चैक पोस्ट पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शराब की आपूर्ति करने वाले गोदामों पर 24 घण्टे सीसीटीवी कैमरे एवं हथियारबंद सुरक्षा बलों द्वारा समुचित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के 72 घण्टे पूर्व निगरानी कार्य को अधिक सुदृढ करने के निर्देश दिए।

प्रतिबंधित सामग्री पर विशेष निगरानी रखें
जिला कलक्टर ने बैंक अधिकारियों को प्रतिदिन 10 लाख से अधिक की निकासी सूचना तथा एटीएम में जमा तथा निकासी राशि की सूचना मय विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग एवं रेलवे विभाग को निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के उदेश्य से विभिन्न वस्तुओं, प्रतिबन्धित सामग्री एवं मादक पदार्थ के अवैध परिवहन व वितरण पर विशेष निगरानी रखने, बिना अनुमति से चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने, अवैध सामग्री पाए जाने पर की स्थिति में संबंधित एजेन्सियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को कार्रवाई के लिए अवगत कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024 : हनुमान बेनीवाल के लेफ्ट हैण्ड रहे उम्मेदाराम के आने से कांग्रेस को होगा कितना फायदा, सामने आई ऐसी अपडेट

Story Loader