
चार मामले बने चुनौती, सिर्फ जांच, तह तक नहीं पहुंच पाई पुलिस
बाड़मेर. थार में पिछले डेढ़ माह में चार बड़े मामलों में पुलिस तह तक नहीं पहुंच पाई है। जसोल दुखांतिका का मामला हो या फिर ट्रैफिक पुलिस थाने में 29 लाख का गबन, 5 बेटियों के साथ मां के टांके में कूदने के मामले में पुलिस अभी जांच ही कर रही है। वहीं चौहटन क्षेत्र में देसी कट्टों से गोली चलाकर आत्महत्या करने वाले युगल के मामले में पुलिस ने देसी कट्टे उपलब्ध करवाने के आरोप में तीन जनों को जरूर गिरफ्तार किया है।
देशभर को झकझोर देने वाली जसोल दुखांतिका में 15 लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक घायल हुए थे पर इसमें पुलिस जांच अभी तक केवल बयानों तक ही सीमित है। पुलिस कह रही है कि बुलाने पर जांच के लिए संबंधित आए नहीं इसलिए उनके बयानों के लिए टीम को जोधपुर भेजा गया।
कब और कहां हुई घटना
-बाड़मेर के बालेातरा के पास जसोल कस्बे की हाई स्कूल परिसर में 23 जून को रामकथा के दौरान हादसा।
क्या था प्रकरण
जसोल के हाई स्कूल में रामकथा के दौरान दोपहर में तेज अंधड़ आया। जिससे यहां लगा डोम उड़ गया। पूरे पांडाल में करंट फैलने से श्रद्धालु चपेट में आए थे।
अब तक की जांच
मामले की जांच अभी तक बयानों तक ही सिमटी है। अनुसंधान अधिकारी की टीम मामले में टेंट, जनरेटर व अन्य व्यवस्थाओं को देखने वालों के बयान ले रही है।
कब और कहां हुई घटना
बाड़मेर का यातायात पुलिस थाना। ऑडिट में 39 लाख से अधिक के गबन का खुलासा, मई में 14 कार्मिकों के खिलाफ मामला हुआ दर्ज।
क्या था प्रकरण
विभागीय ऑडिट में खुलासा हुआ कि 1 अप्रेल 2016 से 31 दिसम्बर 2018 तक यातायात पुलिस थाने से जारी एमवी एक्ट बुक की राशि राजकोष में जमा नहीं हुई। तीन साल में चालान के 39 लाख 34 हजार 990 रुपए संबंधित डकार गए।
अब तक की जांच
इस प्रकरण का खुलासा राजस्थान पत्रिका ने किया था। खुलासे के बाद उप अधीक्षक स्तर के अधिकारी से मामले की जांच करवाई गई। जांच रिपोर्ट में तीन ट्रैफिक प्रभारी सहित 14 पुलिसकर्मी दोषी पाए गए। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मामले में अब भी जांच चल रही है। किसी भी कार्मिक के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है।
कब और कहां हुई घटना
चौहटन उपखंड के लीलसर गांव में 13 जून को सुबह हुई थी घटना
क्या था प्रकरण
प्रेमी युगल ने देसी कट्टे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को दोनों के पास अलग-अलग देसी कट्टे मिले। यह संभवत: बाड़मेर में पहला मामला था जब प्रेमी युगल ने देसी कट्टे से आत्महत्या की हो।
अब तक की जांच
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जिन्होंने युवक को दो देसी कट्टे देने की बात कबूल की। लेकिन आत्महत्या को लेकर पुलिस की जांच अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई।
कब और कहां हुई घटना
चौहटन के बावड़ी कला में 27 जून को मां ने पांच बेटियों के साथ टांके में कूदकर दे दी जान। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कारण सामने आए।
क्या था प्रकरण
गांव में दोपहर में पांच बेटियों को टांके में धकेलने के बाद मां खुद भी टांके में कूद गई। पानी में डूबने से सभी की मौत हो गई। काफी देर बाद लोगों को पता चला। देर शाम को सभी के शव टांके से बाहर निकाले गए।
अब तक की जांच
पुलिस को मामले में जांच के लिए रिपोर्ट मिली। पुलिस अब तक मामले की जांच ही कर रही है। इसमें कारण अभी तक स्पष्ट नहीं कर पाई कि सामूहिक आत्महत्या क्यों की गई। निजी स्कूल में बेटियों को पढ़ाने वाली मां के साथ ऐसी क्या परिस्थितियां आई कि उसे बेटियों के साथ आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा।
Published on:
03 Jul 2019 05:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
