
अस्पताल परिसर में एकत्र लोग एवं पुलिस। फोटो पत्रिका
बाड़मेर। चौहटन थाना क्षेत्र के कोनरा विलायत शाह गांव की सरहद में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर वृत्ताधिकारी जेठाराम जयपाल एवं थानाधिकारी ललित किशोर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक के भाई ने गला घोंटकर हत्या किए जाने तथा आत्महत्या का रंग देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया। पूरे मामले की हर एंगल से जांच शुरू की है।
मृतक के भाई मदन पुत्र कचराराम मेघवाल निवासी मंगलासर कोनरा ने पुलिस को रिपोर्ट सौंपकर बताया कि वह मजदूरी के लिए गुजरात गया हुआ था। भाभी समदा पत्नी सवाई का फोन आया कि उसके भाई सवाई पुत्र कचरा की तबीयत सही नहीं है, तुम जल्दी घर आओ।
मैंने अपने चाचा लूणाराम पुत्र रतनाराम को ढाणी भेजा, जहां सवाई मृत अवस्था में रोहिडा के पेड़ के नीचे पड़ा था। भाभी समदा ने उसके भाई सवाई के आत्महत्या करने की बात बताई है, लेकिन शव फंदे पर नहीं मिला था। परिजन ने पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया।
Updated on:
12 Mar 2026 02:46 pm
Published on:
12 Mar 2026 02:46 pm
