
बच्चों से बोले कलक्टर, दो गज दूरी मास्क है जरूरी
बाड़मेर. जिले में १५ से १७ साल के बच्चों के वैक्सीनेशन को लेकर स्थानीय मयूर नोबल्स एकेडमी में आयोजित शिविर का जिला कलक्टर लोकबंधु ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को कोरोना वैक्सीनेशन की जानकारी देते हुए कहा कि हमेशा मास्क लगा कर रखें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी रखें और वैक्सीनेशन अनिवार्यरूप से करवाएं।
कलक्टर ने इस दौरान बच्चों से कहा कि क्या सर्दी लग रही है तो बच्चे बोले कि हां पर ज्यादा नहीं है। उन्होंने वैक्सीनेशन लगाने की बात भी कही। जिले में बच्चों के कोरोना के टीकाकरण के कार्य की प्रगति की जानकारी के लिए शनिवार को जिला कलक्टर लोक बंधु ने कोरोना की तीसरी लहर की तीव्र गति के मध्येनजर बच्चों के शत प्रतिशत वैक्सीनेशन के कार्य को तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला मुख्यालय की मयूर नोबेल एकेडमी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 15 से 1७ वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लगाए जा रहे कोविड टीकाकरण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया एवं लगाए जा रहे टीके की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जिले की सभी विद्यालयों में इस आयु वर्ग तक के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण तीन दिवस में करवाना सुनिश्चित करे।
उन्होंने सभी विद्यालयों में कोरोना क्लास लगाकर कोरोना बचाव के लिए मास्क अनिवार्य रूप से लगाने, सामाजिक दूरी बनाए रखने, कोविड उपयुक्त व्यवहार करने, बार-बार साबुन से हाथ धोने की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को टास्क देकर कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित करें एवं यह भी समझाइश करें कि वे अपने अभिभावकों को बताएं कि कोरोना बचाव के लिए परिवार के जिस सदस्य ने अभी टीका नहीं लगाया है या एक ही टीका लगाया है, उन्हें टीका लगाएं।
भ्रमण के दौरान उपखण्ड अधिकारी रोहित चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी एल विश्नोई उपस्थित थे। विद्यालय निदेशक रेवंतसिंह राणासर ने बताया कि दो दिन चले मेगा टीकाकरण कार्यक्रम में 1837 विद्यार्थियों का टीकाकरण किया गया।
सीएमएचओ कार्यालय की 5 टीमों ने टीकाकरण किया जिसमें बच्चों ने रुचि दिखाई। डॉ. हरदान सारण ने सहयोग किया। प्रधानाचार्य मिश्रीदान चारण उपस्थित रहे।
Published on:
09 Jan 2022 12:39 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
