कस्बा कल्याणपुर उपखंड बालोतरा का बड़ा कस्बा है। करीब 10 हजार आबादी वाले कस्बे में घरेलू पेयजल की कोई सुविधा नहीं है। ग्रामीण तालाब, नाडियों व टांकों में जमा पानी को पीते व घरेलू कार्यों में उपयोग करते हैं। तालाब व नाडियों में पानी सूखने व टांकों में जमा पानी खत्म होने पर उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। इस पर ग्रामीण टैंकरों से महंगा मोल पानी खरीदकर प्यास बुझाते हैं। कस्बे वासी पिछले कई वर्षों से घरेलू जलापूर्ति की मांग कर रहे थे। इनकी मांग पर प्रदेश सरकार ने कस्बे में पेयजल लाइन बिछाने के लिए 1 करोड़ 19 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। कस्बे में 90 से 200 मिलीमीटर की करीब 15 से 16 किलोमीटर दूरी में पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद रहवासियों को घरेलू नल कनेक्शन दिए जाएंगे। कस्बे में उच्च जलाशय पूर्व में बनाया जा चुका है। इस पर ग्रामीणों को अच्छे प्रेशर से जलापूर्ति उपलब्ध होगी। जानकारी अनुसार शीघ्र ही टेण्डर जारी कर कार्य शुरू करवाया जाएगा। करीब दो से तीन माह में कार्य के पूरा होने पर कस्बे के सैकड़ों रहवासी परिवारों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी।