
अच्छाई की जीत, राम ने किया रावण का अंत
बाड़मेर. विजयादशमी के पर्व का बुधवार को थार में भारी उल्लास नजर आया। शहर के आदर्श स्टेडियम में आयोजित दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। रावण दहन के दौरान स्टेडियम भगवान श्रीराम के जैकारों से गूंज उठा। करीब 65 फीट के रावण के पुतले का 7 मिनट में अहंकार चूर हो गया। पटाखों की गूंज के बीच रावण और अन्य के पुतले जलते हुए धराशायी हो गए। इस बीच गरबा नृत्य का भी आयोजन हुआ। रावण दहन के बाद नेहरू नगर पुल व कॉलेज रोड पर जाम की स्थिति सामने आई।
इससे पहले हनुमान मंदिर से रवाना हुई भगवान श्रीराम की शोभायात्रा शाम 6.30 बजे स्टेडियम पहुंची। भगवान राम ने तीर चलाकर दशानन का अंत किया। इससे पहले शहर के विभिन्न स्थानों से निकली शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। दशहरा महोत्सव में विधायक मेवाराम, एसपी दीपक भार्गव , कलक्टर लोकबंधु, सभापति दीपक माली, आयुक्त योगेश आचार्य, समाजसेवी जोगेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे। संचालन ओम जोशी ने किया।
डेढ़ घंटे तक चली आतिशबाजी
रावण दहन के दौरान स्टेडियम में करीब डेढ़ घंटे तक आकर्षक आतिशबाजी की गई। आकाश में उड़ती अशर्फियां और सितारे देखकर बच्चे खूब खुश हुए। करीब 40 प्रकार के अलग-अलग आकाशीय पटाखे चलाए गए। पूरे भरे हुए स्टेडियम में आतिशबाजी के नजारे देखकर लोग मोहित हो गए। स्टेडियम में हो रही आतिशबाजी शहर में दूर-दूर तक दिखाई दी।
महोत्सव के बाद जगह-जगह जाम
बाड़मेर में दशहरा महोत्सव देखने के बाद स्टेडियम से निकली भीड़ के कारण जगह-जगह जाम लग गया। वाहनों की रेलमपेल के चलते राहगीर भी फंस गए। नेहरू नगर पुल पूरा भरा हुआ दिखा। वहीं कॉलेेज रोड पर भारी भीड़ के चलते वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। पुलिस ने मशक्कत के बाद वाहनों को वहां से निकलवाया।
Published on:
05 Oct 2022 09:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
