
Gungja Har-Har Mahadev, Anointing Lord Shiva from Panchamrta
शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का समंदर : गूंजा हर-हर महादेव, पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक
भोलेनाथ, सबसे बड़ा है तेरा नाम
शहर के छोटे-बड़े मंदिरों सहित जिलेभर में भरे मेले
बाड़मेर . शिवालयों में अलसुबह से ही भगवान शिव के जयकारे माहौल को धर्ममय कर रहे थे। श्रद्धालु हाथ में गंगाजल, फूल, दूध, शहद सहित विभिन्न द्रव्य लेकर हर-हर महादेव व ओम नम: शिवाय का मंत्रोच्चार करते शिवलिंग पर अभिषेक करते नजर आए। इस दौरान ओम नम: शिवाय की धुन श्रद्धालुओं के मन को हर्षित कर रही थी। वहीं आरती में श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें देखते ही बन रही थी। अवसर था महाशिवरात्रि का। जिले भर में सोमवार को महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर सहित जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब नजर आया।
शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, शहद, गंगाजल, घी, दूध, दही सहित विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक कर खुशहाली की कामना की। महिलाओं व बालिकाओं ने उपवास रखकर भगवान की आराधना की।
जागरण में झूमे श्रद्धालु : शिवालयों में दिन में सत्संग व रात को जागरण हुआ। इस दौरान कलाकारों ने बमबम भोले शंकर, गले में नाग पहन कर, सुबह सुबह ले शिव का नाम, शिव आएंगे तेरे काम, नगर में जोगी आया, भेद कोई खोल ना पाया व सबसे बड़ा है तेरा नाम, भोलेनाथ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान शिव पार्वती विवाह महोत्सव का आयोजन हुआ। भगवान शिव के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
सेल्फी का रहा क्रेज : मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक करने के दौरान व मंदिर परिसर में फोटो लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए। सोशल मीडिया पर महाशिवरात्रि की शुभकामनाओं के संदेशों का आदान-प्रदान हुआ।
गिड़ा . क्षेत्र के कई गांवों में स्थित महादेव मंदिरों में शिवरात्रि पर मेला का अयोजन हुआ। मलवा, परेऊ व गिड़ा में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर अभिषेक किया। परेऊ मठाधीश ओंकार भारती महाराज ने बताया कि वर्षों बाद सोमवार को शिवरात्रि का संयोग बना है।
सिणधरी . गोयणेश्वर पहाड़ पर श्रद्धालुओं की रेलमपेल रही। दिनभर भोले नाथ के जयकारे गुंजायमान रहे। जेतेश्वर धाम भलखाड़ी में राइका समाज के कई गांवों से पैदल जत्थे पहुंचे।
रामसर . महाशिवरात्रि को डूंगरपुरी मठ में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से ही विभिन्न गांवों से लोगों का आवागमन शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मठ में बने मंदिरों में प्रसाद चढ़ाकर सुखी जीवन की मन्नतें मांगी। मठ में जागरण का आयोजन किया गया। भगवान शिव के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
शिव . भक्तों ने कस्बे व निकटवर्ती गूंगा गांव में शिव मंदिरों की सजावट की। धार्मिक अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध शहद व गंगाजल से अभिषेक कर चंदन भभूत फूल मालाओं व आक धतूरे से सजाया
चौहटन . महा शिवरात्रि पर सोमवार को कस्बे सहित गांवाई क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। कस्बे में कपालेश्वर महादेव, सुइयां महादेव, डूंगरपुरी मठ, सफेद आंकड़ा मंदिर सहित धनाऊ के सोमेश्वर महादेव मंदिर सहित कई इलाकों में विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालु उमड़े।
शहर में यहां मेलों का आयोजन : शहर के सफेद आकड़ा, जसदेर धाम, शिव मुंडी, सूजेश्वर महादेव मंदिर, सफलेश्वर महादेव मंदिर, निम्बेश्वर महादेव मंदिर, रामेश्वर महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, भीड़ भंजनेश्वर महादेव मंदिर, लोकू बालाजी मंदिर, मनोकामना पूर्ण महादेव मंदिर, चंचल प्राग मठ, शनिधाम मंदिर सहित कई मंदिरों में मेले का आयोजन हुआ। जसदेर व सफेद आकड़ा मंदिर परिसर के बाहर हाट बाजार लगा। श्रद्धालुओं ने यहां खरीददारी की।
यहां भी बही भक्ति सरिता : तारातरा मठ में महंत प्रतापपुरी के सानिध्य में मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान जागरण में रमेश सारण सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुति दी। ढाणी बाजार स्थित चंचल प्राग मठ में महंत शम्भूनाथ सैलानी की अध्यक्षता में मेले का आयोजन हुआ। विष्णु कॉलोनी स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में जागरण हुआ। श्यामलाल माली ने बताया कि इस मौके पर राजूमाली एंड पार्टी के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। निम्बेश्वर महादेव मंदिर में जागरण में प्रेम आचार्य एंड पार्टी के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी।
Updated on:
05 Mar 2019 10:47 am
Published on:
05 Mar 2019 09:25 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
