
बाड़मेर।
भारत-पाक में चल रही तनाव की स्थिति के बीच पाकिस्तान की 'नापाक' हरकतें अभी भी रुकने का नाम नहीं ले रही है। कभी बाज तो कभी गुब्बारों से भारतीय सीमा में जासूसी की नापाक हरकतें करने वाला पाकिस्तान अब जासूसी के लिए ड्रोन और अनमेन्ड एयर व्हीकल (यूएवी) का उपयोग करने लगा है। जासूसी के इन हवाई उपकरणों पर पाक कोई निशान या पहचान नहीं छोड़ता। ऐसे में भारत की ओर से पाक के समक्ष आपत्ति तो दर्ज कराई जाती है, लेकिन वह बाज नहीं आ रहा।
यही वजह है कि सोमवार को जिस पाकिस्तानी यूएवी को मार गिराया गया, उसे पाकिस्तान ने अपना घोषित नहीं किया। पाकिस्तान साल 2015 से लगातार सीमा पर यूएवी और ड्रोन से जासूसी के प्रयास कर रहा है। अब भारत-पाक के बीच तनाव बढऩे पर इन करतूतों में इजाफा हो गया है। पाक की ओर से किसी भी घुसपैठ पर पाक रेंजर्स को प्रोटेस्ट नोट दिया जाता है। यूएवी को लेकर भी बीएसएफ प्रोटेस्ट नोट दे चुका है।
पश्चिमी सीमा पर लगातार प्रयास
बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक पश्चिमी सीमा पर पाक गुब्बारों, पक्षियों के चिप लगाकर जासूसी के प्रयास करता रहा है। सितम्बर-2017 में बज्जू क्षेत्र में जासूसी के लिए भेजे एक प्रशिक्षित बाज को पकड़ा भी था। गुब्बारों में उपकरण लगाकर भी ऐसे प्रयास होते रहे हैं।
कुछ भी आए, भारत मार गिराने में सक्षम
पाकिस्तान के पास भले ही जासूसी के उपकरण हों, लेकिन भारतीय सेना के पास इनको मार गिराने के साधन मौजूद हैं। जब भी पाक यूएवी या ड्रोन से वायुसीमा का उल्लंघन का प्रयास करता है, भारतीय उपकरण उसे ट्रेस कर लेते हैं। सोमवार को पाक टोही विमान को ट्रेस कर पश्चिमी मोर्चे पर तैनात सुखोई ने उसे मार गिराया था।
पाक के पास ड्रोन और यूएवी
पाकिस्तान की वायुसेना में साल 2009 में शामिल ‘जासूस’ नामक यूएवी 20 किलो तक वजन ले जा सकता है। यह करीब पांच घंटे तक उड़ान भर सकता है। इसके साथ पाक के पास लार्ज स्केल टारगेट यूएवी बाज, सर्विलांस ड्रोन बॉर्डर ईगल भी है।
पाक को हर पल सता रहा इस बात का डर
वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि पाक ड्रोन और यूएवी के जरिए भारत के हर एक एक्शन पर नजर रख रहा है। भारत के द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान को पल-पल इस बात का डर सता रहा है कि भारत कहीं हमला ना कर दे।
कवायद : जैश सरगना की सुरक्षा में तो नहीं लगे टोही विमान?
साथ ही ये भी कवायद लगाई जा रही है कि पाकिस्तान का पायलट रहित टोही विमान कहीं जैश ए मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर (Masood Azhar Pakistan) की सुरक्षा में तो नहीं लगा हुआ था? भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास मंडरा रहे पाकिस्तानी टोही विमान को मार गिराए जाने के बाद यह सवाल उठ रहा है। एयर स्ट्राइक के बाद भारत के फाइटर विमान सीमा के आसपास भारतीय सीमा में निरंतर गश्त कर रहे हैं।
मसूद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई की आशंका के चलते पाक घबराया हुआ है। संभवत: उसे डर सता रहा है कि भारतीय वायुसेना राजस्थान की तरफ से स्ट्राइक कर मसूद को खत्म कर सकती है। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि पाक का टोही विमान को उड़ाने के पीछे भारतीय वायु सेना की गतिविधियों की टोह लेने व थल सेना की गतिविधियों पर नजर रखना है।
Published on:
06 Mar 2019 03:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
